भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपति ने शनिवार को लोक भवन में पुलिस आयुक्त सुरेश देवदत्त सिंह के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में 16 अप्रैल को दो वरिष्ठ आईआरएस अधिकारियों से जुड़े घटनाक्रम के मद्देनजर राजभवन की सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान राज्यपाल ने लोक भवन की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे और उन्नत बनाने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने आधुनिक निगरानी प्रणाली और नई तकनीकों के इस्तेमाल के साथ-साथ पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती पर चर्चा की, ताकि आधिकारिक कार्यक्रमों और प्रोटोकॉल कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। राज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि लोक भवन परिसर की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक और पर्याप्त मानव संसाधन का उपयोग आवश्यक है।
यह समीक्षा 16 अप्रैल को हुए उस विवाद के बाद की जा रही है, जब ओडिशा में आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयुक्त डी सुधाकर राव ने राज्यपाल सचिवालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके अधिकारी मनीष कुमार और सत्य प्रकाश मिश्र को जबरन राजभवन से पुलिस वाहन में बैठाकर कैपिटल थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि दोनों अधिकारियों ने राजभवन में प्रवेश के लिए आवश्यक पूर्व अनुमति और विजिटर पास नहीं लिया था। इस घटना के बाद 17 अप्रैल को लोक भवन ने अपने कर्मचारियों के आचरण की जांच के लिए चार सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।