Trending Now
  • डाक विभाग का राजस्व 2025-26 में 16 प्रतिशत बढ़कर 15,296 करोड़ रुपये पर
  • हम एक दूसरे से छोटी-छोटी चीजें सीखते हैं: कोनोली
  • अमेरिका के साथ आर्थिक संबंध अब कमजोरी, सुधार जरूरी : कनाडा के पीएम कार्नी
  • अतिका मीर ने इटली में दूसरा स्थान हासिल किया
  • फुटबॉल लीग : बायर्न म्यूनिख ने 14 साल में 13वीं बार जीता बुंडेसलीगा खिताब
Monday, Apr 20, 2026
Published on: Monday, April 20, 2026
खेल

सुजीत ने 65 किग्रा में अपने दबदबे पर कहा... ऐसा नहीं है कि कोई मुझे हरा नहीं सकता


योगेश्वर दत्त, बजरंग पूनिया और अमित धनकड़ की करते प्रशंसा
नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिछले एक साल में 65 किग्रा भार वर्ग में लगभग अजेय रहे भारतीय पहलवान सुजीत कलकल स्वयं को अपना आदर्श और जीत का प्रबल दावेदार मानते हैं लेकिन इसके साथ ही वह एलीट वर्ग की प्रतियोगिताओं में परिणाम को लेकर अनिश्चितता क प्रति भी जागरुक हैं।  सुजीत ने जून 2025 में अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप में मिली जीत के बाद से सीनियर विश्व चैंपियनशिप को छोड़कर प्रत्येक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने हाल में बिश्केक में सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। उनका मानना है कि प्रदर्शन में निरंतरता और आत्मविश्वास उनकी सफलता की कुंजी रहे हैं। सुजीत ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा, मैं किसी खास व्यक्ति का अनुसरण नहीं करता। मुझे अपने मुकाबले देखना पसंद हैं, वह भी विशेषकर रविवार को। आप कह सकते हैं कि मैं खुद को अपना आदर्श मानता हूं। सुजीत भले ही किसी विशेष पहलवान को अपना आदर्श नहीं मानते, लेकिन वह योगेश्वर दत्त, बजरंग पूनिया और अमित धनकड़ जैसे दिग्गज पहलवानों की प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा, मैं योगेश्वर दत्त और अन्य पहलवानों को देखता था। उनसे सहनशक्ति, गति और ताकत जैसी कई चीजें सीखने को मिलती हैं, लेकिन मैं अधिकतर अपने मुकाबलों का विश्लेषण करता हूं। हमारा कार्यक्रम व्यस्त रहता है, लेकिन रविवार या विश्राम के दिनों में मैं अपने और सीनियर पहलवानों के मुकाबले देखता हूं। इससे गलतियों की पहचान करने और उनमें सुधार करने में मदद मिलती है। सुजीत ने 65 किग्रा में अपने दबदबे के बावजूद यह मानने से इनकार कर दिया कि इस वजन वर्ग में उनका पूर्ण नियंत्रण है। उनसे पहले ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया इस भार वर्ग में भाग लेते थे। उन्होंने कहा, ऐसा कुछ नहीं है कि कोई मुझे हरा नहीं सकता। हर कोई कड़ी मेहनत करता है। जिसका दिन अच्छा होता है, वही जीतता है। ईश्वर की कृपा से मैं अब तक जीतता आया हूं और आगे भी जीतता रहूंगा तथा अपने देश को गौरवान्वित करूंगा। 
 
एशियाई खेल में उनके प्रदर्शन की असली परीक्षा होगी
इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि आगामी एशियाई खेल में उनके प्रदर्शन की असली परीक्षा होगी। उन्होंने कहा, मैं पिछले दो साल से किसी भारतीय पहलवान से नहीं हारा हूं। ईरान और जापान की बात करें तो एशियाई खेलों में हमें अपना स्तर पता चल जाएगा। अभी भी कुछ कमियां हैं और हम उन पर काम कर रहे हैं। अपनी मजबूत रक्षण और तीखे जवाबी हमले करने में माहिर सुजीत ने स्वीकार किया कि अब उनका ध्यान अपने आक्रामक खेल, सहनशक्ति और ताकत में सुधार करने पर है। उन्होंने कहा, रक्षात्मक रणनीति मेरी सबसे बड़ी खूबी है। मुझे आक्रमण पर और अधिक काम करने की जरूरत है। मुझे अपनी सहनशक्ति और ताकत में भी सुधार करने की जरूरत है। हम इन कमियों को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। 
 
विनोद के मार्गदर्शन में अभ्यास करने से हुआ है फायदा
सुजीत ने बताया कि राष्ट्रीय शिविर में भारतीय फ्रीस्टाइल के मुख्य कोच विनोद कुमार जैसे कोच के मार्गदर्शन में अभ्यास करने से उन्हें फायदा हुआ। उन्होंने कहा, कोच हमसे बहुत मेहनत करवाते हैं। इससे सहनशक्ति बढ़ाने में मदद मिलती है। सुजीत अपने कौशल को निखारने के लिए विभिन्न भार वर्गों में अभ्यास करते हैं। उन्होंने कहा, हम ताकत और सहनशक्ति बढ़ाने के लिए अधिक वजन वाले पहलवानों तथा गति सुधारने के लिए 57 और 61 किग्रा भार वर्ग के पहलवानों के साथ अभ्यास करते हैं। इससे काफी मदद मिलती है। सुजीत ने कहा कि उनका ध्यान इस साल होने वाले एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप पर है क्योंकि दोनों प्रतियोगिताएं काफी महत्वपूर्ण हैं। 
 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.