Trending Now
  • दूसरा महिला टी20 : दक्षिण अफ्रीका ने भारत को आठ विकेट से हराकर 2-0 की बढ़त बनाई
  • सरकार बढ़ा सकती है पेंशन क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा : सूत्र
  • सीएसके को बड़ा झटका, म्हात्रे का आईपीएल में आगे खेलना संदिग्ध
  • केकेआर की टीम से जुड़े श्रीलंका के तेज गेंदबाज पथिराना
  • रुतुराज किसी तरह की उलझन में नजर आ रहे हैं : अश्विन
Monday, Apr 20, 2026
Published on: Sunday, April 19, 2026
खेल

दूसरा महिला टी20 : दक्षिण अफ्रीका ने भारत को आठ विकेट से हराकर 2-0 की बढ़त बनाई


 
डरबन : क्लो ट्रायोन (22 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल के बाद कप्तान लौरा वोल्वार्ट (54) और सुने लुस (57) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी के बूते दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की श्रृंखला के दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में रविवार को यहां भारत को 17 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हराया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के आक्रामक 57 रन के बावजूद भारतीय टीम 147 रन पर आउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर श्रृंखला में 2-0 की बढ़त कायम कर ली। वोल्वार्ट ने 34 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का, जबकि लुस ने 46 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों ने महज 73 गेंदों में 106 रन की साझेदारी कर टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की। भारतीय क्षेत्ररक्षण काफी खराब रहा और टीम ने कई आसान कैच टपकाए, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बन पाया। भारत के लिए दोनों विकेट श्रेयंका पाटिल ने लिए। टी20 में अपना 15वां अर्धशतक जडऩे वाली शेफाली ने पदार्पण कर रही अनुष्का शर्मा (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की अच्छी साझेदारी की। अनुष्का हालांकि इस दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखीं।शेफाली ने 38 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। भारतीय टीम 12 ओवर के बाद दो विकेट पर 97 रन के साथ अच्छी स्थिति में थी, लेकिन टीम ने इसके बाद आठ ओवर में 50 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए। प्लेयर ऑफ द मैच ट्रायोन को तुमी सेखुखुने (31 रन देकर तीन विकेट) का अच्छा साथ मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए वोल्वार्ट ने क्रांति गौड़ के खिलाफ चौके से हाथ खोले और श्रेयंका की गेंद को बाउंड्री पार भेजकर आत्मविश्वास दिखाया। दूसरे छोर से लुस ने श्रेयंका की गेंद पर कदमों का इस्तेमाल करते हुए छक्का जड़ा। उन्होंने श्री चरणी के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़कर पांचवें ओवर में ही दक्षिण अफ्रीका के रनों का अर्धशतक पूरा कर दिया। लुस ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए दीप्ति शर्मा के खिलाफ भी दो चौके जड़े और पावरप्ले में ही टीम के स्कोर को बिना किसी नुकसान के 66 रन तक पहुंचाकर दक्षिण अफ्रीका के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद रनगति पर लगाम लगाने की कोशिश की, लेकिन वोल्वार्ट ने श्री चरणी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जडऩे के बाद 11वें ओवर में अरुंधति रेड्डी की गेंद पर चौके के साथ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में श्रेयंका की गेंद पर बाउंड्री के पास अरुंधति द्वारा लपकी गईं। लुस ने इसके बाद 41 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। श्री चरणी की गेंद पर स्मृति मंधाना ने ताजमिन ब्रिट्स का आसान कैच टपकाया, लेकिन श्रेयंका ने 16वें ओवर में लुस को आउट किया। ब्रिट्स ने इसी ओवर में चौका लगाया, जिसके बाद अरुंधति ने उनका एक और कैच टपकाकर उन्हें दूसरा जीवनदान दिया। उन्होंने 17 गेंदों में 20 रन की नाबाद पारी खेली और एनेरी डर्कसेन (नाबाद 12) के साथ टीम को लक्ष्य के पार पहुंचा दिया। बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर शेफाली ने शुरुआती ओवर में सेखुखुने के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल करते हुए लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़ा, वहीं मंधाना ने पिछले मैच की स्टार आयोबोंगा खाका के खिलाफ दूसरे ओवर में तीन चौके जड़कर हाथ खोले। मंधाना हालांकि अगले ओवर में ट्रायोन की गेंद पर स्वीप शॉट खेलते हुए स्क्वायर लेग बाउंड्री पर कैच दे बैठीं। शेफाली पर इस विकेट का कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने सेखुखुने के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। शानदार लय में चल रहीं जेमिमा रोड्रिग्स (दो) ट्रायोन का दूसरा शिकार बनीं, लेकिन अनुष्का ने अपनी पहली ही गेंद पर चौका जड़ा, जिससे पावरप्ले में भारत का स्कोर दो विकेट पर 58 रन हो गया। मलाबा ने 10वें ओवर में अपनी ही गेंद पर अनुष्का का आसान कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया, जबकि शेफाली ने अगली गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अनुष्का ने 12वें ओवर में एनेरी डर्कसेन के खिलाफ दो चौके लगाए, लेकिन वह तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, वहीं शेफाली को ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिल पा रही थी। रनगति तेज करने की कोशिश में अनुष्का ट्रायोन की गेंद को ताजमिन ब्रिट्स के हाथों में खेल गईं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) ने क्रीज पर आते ही चौका जड़ा, लेकिन मलाबा की गेंद पर डि क्लार्क ने शानदार कैच लपककर शेफाली की पारी का अंत किया। दीप्ति शर्मा (एक) और ऋचा घोष (तीन) के सस्ते में पवेलियन लौटने से भारत की रनगति कम होती चली गई। हरमनप्रीत विकेटकीपर सिनेलो जाफ्ता के शानदार प्रयास से रन आउट हो गईं। अरुंधति (14) और श्री चरणी (नाबाद सात) ने आखिरी ओवर में क्रमश: छक्का और चौका लगाकर टीम के स्कोर को 147 तक पहुंचाया।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.