बाजार में उमड़ी भीड़
कटक, (निप्र) : पवित्र अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर में सोने की खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा। हिंदू मान्यता के अनुसार इस दिन किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत करना अत्यंत फलदायी माना जाता है। इसी के चलते कटक शहर के विभिन्न आभूषण दुकानों और व्यावसायिक केंद्रों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सोना व्यवसायियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को विशेष रूप से सजाया है। इसके साथ ही कई प्रकार के आकर्षक ऑफर भी दिए जा रहे हैं। कहीं आभूषण निर्माण पर मजदूरी में छूट दी जा रही है, तो कहीं सोने के गहनों पर विशेष रियायतें दी जा रही हैं।
व्यवसायियों का कहना है कि इस शुभ अवसर पर लाभ कमाने से ज्यादा ग्राहकों की आस्था का सम्मान करना प्राथमिकता है। मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन सोना या कोई भी धातु खरीदने से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है और धन-संपत्ति में वृद्धि होती है। इसी विश्वास के चलते ग्राहक इस दिन सोना और अन्य धातुएं खरीदने में विशेष रुचि दिखाते हैं।