पुरी, (निप्र) : भगवान श्रीजगन्नाथ की पवित्र बाहुड़ा यात्रा के अवसर पर अरुंधती फाउंडेशन ने पुरी के बड़दांड (ग्रैंड रोड) पर हजारों श्रद्धालुओं के लिए अन्नप्रसाद सेवा का आयोजन किया। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में देश-विदेश से महाप्रभु के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को नि:शुल्क अन्नप्रसाद वितरित किया गया।
फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सेवा में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक अन्नप्रसाद कराया गया। कार्यक्रम का संचालन अरुंधती फाउंडेशन के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक ब्रह्मानंद मेहर के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन और नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस सेवा कार्य में फाउंडेशन के 200 से अधिक पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। उन्होंने न केवल अन्नप्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली, बल्कि पुरी के बड़दांड को स्वच्छ और साफ रखने के लिए सफाई अभियान भी चलाया। फाउंडेशन की इस पहल की श्रद्धालुओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर ब्रह्मानंद मेहर ने कहा कि महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की पवित्र बाहुड़ा यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अरुंधती फाउंडेशन भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों को इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगा। कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने के लिए अरुंधती फाउंडेशन ने प्रशासन तथा सभी स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।