अनुगोल, (निप्र) : जिंदल स्टील के जिंदल नगर स्थित देवभूमि परिसर में शुक्रवार को भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पवित्र बाहुड़ा यात्रा श्रद्धा, भञ्चित और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं, कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान के रथ खींचे। जिंदल स्टील के चेयरमैन नवीन जिंदल ने इस वर्ष भी मुख्य सेवक (प्राइम सर्विटर) के रूप में बाहुड़ा यात्रा का नेतृत्व किया।
इस दौरान उनके साथ उनकी माता एवं हरियाणा के हिसार से विधायक सावित्री जिंदल, पत्नी एवं जिंदल फाउंडेशन की अध्यक्ष शालू जिंदल, पुत्री यशस्विनी जिंदल तथा दामाद शाश्वत सोमानी भी मौजूद रहे। मंदिर के पुजारियों के मार्गदर्शन में जिंदल परिवार ने पुरी श्रीक्षेत्र की परंपराओं के अनुरूप सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान के रथ खींचे।
इस अवसर पर नवीन जिंदल ने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने परिवार, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के साथ बाहुड़ा यात्रा में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने भगवान से सभी लोगों के सुख, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा महाप्रभु का दिव्य आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। जय जगन्नाथ। उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दौरान जिंदल फाउंडेशन की ओर से पुरी में संचालित प्रसाद सेवा केंद्र चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। पिछले एक दशक से अधिक समय से फाउंडेशन की रथयात्रा सेवा पहल के तहत रथयात्रा से लेकर सुनावेश तक लाखों श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।