Please wait...

 
Trending Now
  • आकिब नबी की शानदार गेंदबाजी, मप्र पर जीत के करीब पहुंचा जम्मू कश्मीर
  • एशियाई चैंपियनशिप : इलावेनिल-बबूता ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्वर्ण पदक जीता
  • टी20 विश्व कप : सीफर्ट का दिखा एफर्ट, न्यूजीलैंड ने जीत के साथ की शुरुआत
  • मुझे पता था कि मुझे टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए कैसे तैयारी करनी है : सिराज
  • भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूत करेंगे : प्रधानमंत्री मोदी
Monday, Feb 9, 2026
Published on: Sunday, February 08, 2026
खेल

टी20 विश्व कप : सीफर्ट का दिखा एफर्ट, न्यूजीलैंड ने जीत के साथ की शुरुआत


चेन्नई : टिम सीफर्ट के तेजर्तार अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में रविवार को यहां अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। अफगानिस्तान के 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर सीफर्ट की 42 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 65 रन की पारी की बदौलत 17.5 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। सीफर्ट ने ग्लेन फिलिप्स (42 रन, 25 गेंद, सात चौके, एक छक्का) के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 गेंद में 74 रन की साझेदारी भी की जिससे न्यूजीलैंड की टीम दूसरे ओवर में 14 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद वापसी करने में सफल रही। अफगानिस्तान ने अनुभवी गुलबदिन नायब (63 रन, 35 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के शानदार अर्धशतक और सेदिकुल्लाह अटल (29 रन, 24 गेंद) के बीच उनकी तीसरे विकेट की 51 गेंद में 79 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 182 रन बनाए।
लॉकी फग्र्युसन सफल गेंदबाज रहे
न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फग्र्युसन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 40 रन देकर दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे न्यूजीलैंड को स्पिनर मुजीब उर रहमान (31 रन पर दो विकेट) ने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (01) और रचिन रविंद्र (00) को लगातार गेंदों पर बोल्ड करके दोहरा झटका दिया। सीफर्ट ने इसके बाद फिलिप्स के साथ मिलकर पारी को संभाला। उन्होंने ऑफ स्पिनर मोहम्मद नबी की गेंद पर छक्के के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। फिलिप्स ने अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान को निशाना बनाते हुए उनकी लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा।
राशिद ने फिलिप्स को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि नवी ने सीफर्ट को अजमतुल्लाह उमरजई के हाथों कैच कराके अफगानिस्तान को वापसी दिलाने की कोशिश की। मार्क चैपमैन (28), डेरिल मिचेल (नाबाद 25) और कप्तान मिचेल सेंटनर (नाबाद 17) ने हालांकि न्यूजीलैंड की जीत सुनिश्चित की।
अफगानिस्तान ने पावर प्ले में सतर्क शुरुआत की
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाजी के सामने मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गुलबदिन और सेदिकुल्लाह ने अच्छी साझेदारी की लेकिन बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए। अफगानिस्तान ने पावर प्ले में दो विकेट पर 44 रन बनाकर सतर्क शुरुआत की। बीच के ओवरों में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने शिंकजा कसा लेकिन अंतिम पांच ओवर में अफगानिस्तान की टीम 52 रन जुटाकर स्कोर 180 रन के पार पहुंचाने में सफल रही। सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (27 रन, 22 गेंद) अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने कुछ बेहतरीन स्कूप शॉट भी खेले लेकिन छठे ओवर में तेज गेंदबाज फर्ग्युसन की धीमी गेंद पर बोल्ड हो गए। छठे ओवर की अंतिम गेंद पर फर्ग्युसन ने सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (10) को भी ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच करा दिया। अजमतुल्लाह उमरजाई (14) ने दो छक्के लगाकर टीम का स्कोर 180 रन के पार पहुंचाया।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.