जयपुर : राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट (आय-व्ययक अनुमान) राज्य विधानसभा में बुधवार को पेश किया। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार 2026-27 में 21 लाख 52,100 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। सदन की बैठक शुरू होते ही वित्त मंत्री ने राज्य के वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान और वित्त वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान विधानसभा में पेश किए।
अपने बजट भाषण में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रदेश को आर्थिक समृद्धि, सतत व समावेशी विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा, विकसित राजस्थानए2047 को साकार करने के लिए इस विकास यात्रा में गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी शक्ति की अहम भूमिका को ध्यान में रखते हुए मुक्चयमंत्री भजनलाल शर्मा नीत हमारी सरकार ने सेवा, समर्पण एवं सुशासन को प्राथमिकता दी है।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुझे सदन को अवगत कराते हुए हर्ष हो रहा है कि हमारे द्वारा किए गए ढांचागत सुधार व कुशल वित्तीय प्रबंधन से पिछली सरकार के अंतिम वर्ष की तुलना में प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार 41.39 प्रतिशत बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 में 21 लाख 52,100 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। वहीं दूसरी ओर प्रति व्यक्ति आय भी 1.67 लाख रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 की समाप्ति पर दो लाख के पार पहुंच जाएगी। अपने बजट भाषण में उन्होंने जलदाय विभाग में नई जल नीति लाने सहित अनेक घोषणाएं कीं।