नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित 14 पूर्व कप्तानों ने जेल में बंद क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियां प्रदान करने का आग्रह किया है। ऐसी खबरें आई हैं कि 1992 के विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इमरान खान ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है।
लगभग 14 पूर्व कप्तानों ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील शीर्षक से पाकिस्तान सरकार को एक पत्र लिखकर इमरान के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की। पत्र में कहा गया है, हम अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और कारावास की स्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिख रहे हैं। इसमें कहा गया है, उनके स्वास्थ्य को लेकर हाल की रिपोर्टों, विशेष रूप से हिरासत में रहने के दौरान उनकी दृष्टि में खतरनाक गिरावट और पिछले ढाई वर्षों में उनकी कैद की स्थितियों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है। पत्र के अनुसार, हम क्रिकेटर निष्पक्ष खेल, सम्मान और आदर के मूल्यों को समझते हैं जो किसी तरह की सीमा से परे हैं। हम मानते हैं कि इमरान खान जैसे व्यक्ति के साथ एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और एक वैश्विक खेल आइकन के तौर पर गरिमा और मानवीय सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए।