कल्याणी : तेज गेंदबाज आकिब नबी के हरफनमौला खेल से जम्मू कश्मीर रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के तीसरे दिन मंगलवार को यहां बंगाल के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर फाइनल में पहुंचने के करीब पहुंच गया। मैच में नौ विकेट लेने वाले नबी ने जम्मू कश्मीर की पहली पारी में नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 42 रन की अहम पारी खेली जिससे बंगाल की टीम बड़ी बढ़त लेने में नाकाम रही। नबी के हरफनमौला खेल ने भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी को फीका कर दिया। शमी ने जम्मू कश्मीर की पहली पारी में 22.1 ओवर में 90 रन देकर आठ विकेट लिए।
बंगाल की पहली पारी में 328 रन के जवाब में जम्मू कश्मीर की पहली पारी 302 रन पर सिमटी। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले नबी ने दूसरी पारी में भी चार विकेट झटके जिससे बंगाल की टीम दूसरी पारी में महज 25.1 ओवर में 99 रन पर आउट हो गई और जम्मू कश्मीर को जीत के लिए महज 126 रन का लक्ष्य मिला। लक्ष्या पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर ने स्टंप्स तक दो विकेट पर 43 बना लिए थे। टीम को जीत के लिए अब भी 83 रन की दरकार है और दो दिन का खेल शेष है।
जम्मू-कश्मीर ने शुभम खजूरिया (एक) और यावर हसन (छह) के विकेट लगातार ओवरों में आकाश दीप की गेंद पर गंवा दिए, लेकिन बाएं हाथ के शुभम पुंडीर 37 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 23 रन बनाकर नाबाद लौटे और बेहद संयमित दिखे। ञ्चवार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ दूसरी पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पर अर्धशतक जडऩे वाले युवा वंशज शर्मा को इस मैच में नंबर चार पर पदोन्नत किया गया। वह 25 गेंदों की धैर्यपूर्ण पारी में नौ रन बनाकर खजूरिया का साथ दे रहे हैं।