Please wait...

 
Trending Now
  • शैलेश वर्मा ने विजय खंडेलवाल से की मुलाकात
  • राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर वेदांता एल्युमिनियम ने रिसर्च और सस्टेनेबल इनोवेशन को दिया बढ़ावा
  • प्रदेश में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत
  • तालचेर जेसीआई ने लगाया रक्तदान शिविर, 73 यूनिट रक्त संग्रह
  • एएम/एनएस इंडिया ने महिला उत्पादक समूहों को बांटे उपकरण
Sunday, Mar 1, 2026
Published on: Friday, February 27, 2026
अपराध

पारादीप युवती हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी और किरायेदार गिरफ्तार


 नशे की हालत में दुष्कर्म के बाद चौथी मंजिल से धक्का देकर की गई हत्या : पुलिस अधीक्षक
 
पारादीप, (निप्र) : पारादीप में चर्चित युवती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों युवती के पुरुष मित्र सोमनाथ ओझा और झारखंड निवासी किरायेदार शुभम सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया है। पारादीप आदर्श थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक जगतसिंहपुर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन (रविवार) शुभम सिंह अनगुल से बाइक लेकर पारादीप आ रहा था। राहामा के पास युवती अपने पुरुष मित्र से झगड़े के बाद मानसिक तनाव में खड़ी थी। अकेली युवती को देखकर नशे की हालत में शुभम सिंह ने उससे पारादीप का रास्ता पूछा। युवती ने स्वयं भी पारादीप जाने की बात कहकर उसे रास्ता दिखाने की सहमति दी।
 
रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर शुभम सिंह युवती को तारिणीगड़ा स्थित अपने चार मंजिला किराए के मकान में ले गया। वहां दोनों ने साथ भोजन किया। मकान में अन्य दो रूममेट होने के कारण दोनों छत पर सोने चले गए। पुलिस जांच में सामने आया कि छत पर शुभम सिंह ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। दोनों के हाथों पर मिले खरोंच के निशान से संघर्ष की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने युवती को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी। लेकिन युवती ने विरोध करते हुए सब कुछ उजागर करने की बात कही। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और भोर करीब 4 बजे नशे की हालत में शुभम सिंह ने युवती को चौथी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
 
घटना के बाद आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन, अंत:वस्त्र, चूड़ीदार और दुपट्टा छिपाकर सबूत नष्ट करने का प्रयास किया। पुलिस ने बाइक, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। फॉरेंसिक टीम के विशेषज्ञों की एक विशेष टीम आगे की जांच के लिए बुलाई गई है। आवश्यकता पडऩे पर आरोपियों को रिमांड पर लेने के लिए आवेदन किया जाएगा। जांच में यह भी सामने आया है कि युवती का पुरुष मित्र सोमनाथ ओझा पिछले दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। घटना वाले दिन उसने युवती को घर से बुलाकर झगड़ा और गाली-गलौज की, जिससे वह मानसिक रूप से आहत होकर डिप्रेशन में चली गई। पुलिस ने सोमनाथ ओझा को भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सशक्त साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.