कटक, (निप्र) : नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद संतृप्त मिश्र गुरुवार को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे और हाल ही में हुई अग्निकांड में घायल मरीजों से मुलाकात की। सांसद ने घायल मरीजों की सेहत के बारे में जानकारी ली और विभिन्न वार्डों में जाकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद डाक्टरों से बात कर यह समझने की कोशिश की कि आग लगने के दौरान मरीजों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए और वर्तमान में उनका इलाज किस प्रकार किया जा रहा है।
सांसद मिश्र ने विशेष रूप से उस वार्ड का दौरा किया जहां अग्निकांड सबसे गंभीर रूप से हुआ था और वहां मौजूद ट्रॉमा मरीजों की स्थिति का प्रत्यक्ष अध्ययन किया। इस अवसर पर मेयर सुभाष सिंह, प्रफुल्ल सिंह, मोनालिसा दास सहित कई बीजेडी कार्यकर्ता भी सांसद के साथ उपस्थित थे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और आग की घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
सांसद मिश्र ने कहा कि केवल चार अधिकारियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, वास्तविक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। सांसद ने अस्पताल में अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था को अत्यंत कमजोर बताते हुए कहा कि अगर उचित सुरक्षा उपाय समय रहते लागू किए जाते, तो यह भयावह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्निकांड के दौरान मौजूद अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
सांसद संतृप्त मिश्र ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ ठोस और पारदर्शी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने आग से प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। यह दौरा सांसद मिश्र की संवेदनशीलता और जनता के प्रति उनकी सक्रियता का प्रतीक माना जा रहा है। उनके इस कदम से प्रभावित मरीज और उनके परिजन कुछ हद तक राहत महसूस कर रहे हैं।