Please wait...

 
Trending Now
  • शतरंज : ब्लूबाउम ने प्रज्ञाननंदा को ड्रॉ पर रोका
  • चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने से मुझे आत्मविश्वास मिला: रिजवी
  • आर्सेनल और बायर्न महिला चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में
  • रासी वान डेर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
  • आईपीएल में खेलने के लिए अदालत का हस्तक्षेप चाहते हैं श्रीलंका के गेंदबाज तुषारा
Friday, Apr 3, 2026
Published on: Thursday, April 02, 2026
देश

शतरंज : ब्लूबाउम ने प्रज्ञाननंदा को ड्रॉ पर रोका


सिंदारोव ने करुआना को हराकर बनाई बढ़त 
पाफोस (साइप्रस) :  भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट के चौथे दौर में जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के साथ ड्रॉ खेला, जबकि उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने अमेरिका के फैबियानो कारुआना को हराकर एकल बढ़त हासिल कर ली। पिछले साल के विश्व कप विजेता सिंदारोव ने बुधवार को यहां चार मैचों में अपनी तीसरी जीत हासिल की जिससे उनके अंकों की संख्या 3.5 हो गई है। इससे वह इस साल के आखिर में मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश के साथ खिताबी मुकाबले में खेलने के प्रबल दावेदार बन गए हैं। प्रज्ञाननंदा ने पिछले दौर में सिंदारोव से हारने के बाद ब्लूबाउम के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए ड्रॉ हासिल किया। अब जबकि 10 दौर का खेल बाकी है तब सिंदारोव के ठीक पीछे कारुआना 2.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि प्रज्ञाननंदा, ब्लूबाउम और नीदरलैंड के अनीश गिरी समान दो अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। 
 
अनीश गिरी ने रूसी खिलाड़ी को हराया
दिन के अन्य दो मैचों में अनीश गिरी ने रूसी खिलाड़ी एंड्री एसेपेंको को हराया, जबकि चीन के वेई ई ने अमेरिकी खिलाड़ी हिकारू नाकामुरा के साथ ड्रॉ खेला।
 
महिला वर्ग में दिव्या देशमुख को मिली हार
महिला वर्ग में दिव्या देशमुख को चीन की जिनेर झू के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जबकि आर वैशाली ने रूस की एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना के साथ ड्रॉ खेला। कोनेरू हम्पी के नाम वापस लेने के बाद अंतिम समय में प्रतियोगिता में शामिल होने वाली यूक्रेन की अन्ना मुजीचुक ने रूस की कटेरीना लागनो को पीछे छोड़ते हुए कजाकिस्तान की बिबिसारा अस्सौबाएव के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।  मुजीचुक और अस्सौबाएवा 2.5-2.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं। उनके बाद वैशाली, गोरियाचकिना, झू और लागनो का नंबर आता है जिनके दो-दो अंक हैं। झोंगई और दिव्या 1.5 अंकों के साथ ज्यादा पीछे नहीं हैं।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.