2028 में सफल आयोजन का किया संकल्प
भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को शनिवार को खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कलिंग स्टेडियम में औपचारिक रूप से विश्व एथलेटिक्स ध्वज सौंपा। यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है, जो 2028 में भुवनेश्वर में वल्र्ड एथलेटिक इंडोर चैंपियनशिप्स के आयोजन की तैयारियों को दर्शाता है।
यह कदम एक विश्वस्तरीय आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करने की राज्य की प्रतिबद्धता को भी दोहराता है।
यह औपचारिक ध्वज एथलेटिक फेडरेशन आफ इंडिया के रविंदर चौधरी और खेल सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया को पोलैंड में सौंपा गया था, जो भारत को मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपे जाने का प्रतीक है। ध्वज प्राप्त करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक विरासत का क्षण है। 2028 की उलटी गिनती शुरू होने के साथ यह ध्वज महत्वाकांक्षा, गर्व और दुनिया के प्रति एक वादे का प्रतीक है कि भारत और ओडिशा इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण में, 2028 के वल्र्ड एथलेटिक इंडोर चैंपियनशिप्स की मेजबानी की घोषणा पोलैंड में सेबस्टियन को द्वारा की गई, जिससे वैश्विक एथलेटिक्स मंच पर ओडिशा की मजबूत उपस्थिति दर्ज हुई। विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप ट्रैक एंड फील्ड के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक है, जिसमें दुनिया भर के शीर्ष एथलीट इंडोर परिस्थितियों में उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते हैं। ओडिशा में इसका आयोजन न केवल मेजबानी का अवसर है, बल्कि भारत के बढ़ते खेल पारिस्थितिकी तंत्र, आधुनिक बुनियादी ढांचे और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का भी एक बड़ा मौका है।