माझी और पटनायक बोले - बीजू बाबू के आदर्श आज भी प्रेरणा स्रोत
भुवनेश्वर, (निप्र) : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने महान स्वतंत्रता सेनानी, विमान चालक और पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की 29वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, महान जननेता, स्वतंत्रता सेनानी और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
वे आत्मसम्मान से परिपूर्ण एक गौरवान्वित ओडिय़ा थे। वहीं, नवीन पटनायक ने अपने बयान में बीजू पटनायक, जिन्हें स्नेहपूर्वक ‘बीजू बाबू’ कहा जाता है, को ओडिशा का गौरव और महान जननेता बताया। उन्होंने कहा कि उनका निडर व्यक्तित्व और दूरदर्शी नीतियां आज भी पीढिय़ों को प्रेरित करती हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, राजनीति में महिलाओं को आरक्षण दिलाने, औद्योगिक विकास तथा ओडिय़ा अस्मिता की रक्षा में उनके योगदान को अतुलनीय बताया।