भुवनेश्वर (निप्र) : ओडिशा विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत मंगलवार को राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति के अभिभाषण से हुई। राज्यपाल ने अपने संबोधन की शुरुआत 'जय जगन्नाथÓ के उद्घोष के साथ की। अपने भाषण में राज्यपाल ने कहा कि ओडिशा विकसित भारत का 'ग्रोथ इंजनÓ बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2036 में ओडिशा अपने गठन के 100 वर्ष पूरे करेगा और सरकार का लक्ष्य है कि उस ऐतिहासिक वर्ष तक राज्य को समृद्ध और सशक्त बनाया जाए। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से ओडिशा को कई बड़ी विकास परियोजनाएं मिली हैं।
उन्होंने कहा कि ओडिशा को आत्मनिर्भर भारत के तहत सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित किया जाएगा और सड़क ढांचे के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए बड़े पैमाने पर सड़क आधुनिकीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
भुवनेश्वर-नंदनकानन रोड पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई गई है, जबकि रामेश्वर-पारादीप तटीय राजमार्ग को मंजूरी मिल चुकी है। राज्यपाल ने कुपोषण और एनीमिया को जड़ से खत्म करने के सरकार के लक्ष्य पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
लंबी अवधि के विकास को रफ्तार देने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण पर सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने बताया कि भुवनेश्वर-खोद्र्धा-कटक रिंग रोड परियोजना पर कार्य जारी है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, शहरी जाम की समस्या घटेगी और व्यापार व निवेश को बढ़ावा मिलेगा।