भुवनेश्वर, (निप्र) : ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने सतर्कता और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए चार रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया। इन कर्मचारियों ने समय रहते तकनीकी खामियों का पता लगाकर संभावित हादसों को टाल दिया और ट्रेनों का संचालन निर्बाध बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
सम्मानित कर्मचारियों में शशि प्रकाश (स्टेशन मास्टर, अरंगमहानदी, संबलपुर मंडल), महेश्वर नायक (स्टेशन अधीक्षक, गुरुडिजाटिया, खोर्द्धा रोड मंडल), राजेश कुमार साहू (ट्रैक मेंटेनर-3, रेतांग, खोर्द्धा रोड मंडल) तथा श्रीभगवान (ट्रैक मेंटेनर-2, मालिगुड़ा, वाल्टेयर मंडल) शामिल हैं। 25 जनवरी 2026 को शशि प्रकाश ने एक मालगाड़ी के डिब्बे के पहिये से धुआं निकलते देखा और तुरंत ट्रेन रुकवाकर 'हॉट एक्सल' की पहचान की, जिससे खराब डिब्बे को अलग किया गया।
19 जनवरी 2026 को महेश्वर नायक ने गुजर रही मालगाड़ी में हॉट एक्सल देखा और समन्वय कर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रुकवाया। उसी रात राजेश कुमार साहू ने गश्त के दौरान एसईजे टंग रेल में दरार पाई और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए ट्रेनों को नियंत्रित गति से गुजरवाया। 18 जनवरी 2026 को श्रीभगवान ने मालिगुड़ा यार्ड में पटरी पर वेल्ड फेल्योर की पहचान कर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए।
महाप्रबंधक ने कर्मचारियों की सजगता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि स्टेशन मास्टर, ट्रैक मेंटेनर और स्टेशन पर्यवेक्षक जैसे अग्रिम पंञ्चित के कर्मचारी रेल सुरक्षा की रीढ़ हैं। ईस्ट कोस्ट रेलवे सुरक्षित परिचालन की संस्कृति को सुदृढ़ करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।