भुवनेश्वर, (निप्र) : नवरत्न लोक उद्यम नेशनल एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (नालको) ने बुधवार को यहांआपूर्ति श्रृंखला उत्कृष्टता हेतु सुदृढ़ विक्रेता साझेदारी विषय पर एक अखिल भारतीय विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया। यह बैठक कच्चे माल, स्पेयर पार्ट्स, उपभोज्य वस्तुओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे देश भर के विक्रेताओं को एक साथ लाने वाले सहयोगात्मक मंच के रूप में कार्य करती है।
इस पहल का उद्देश्य आपूर्ति श्रृंखला पारिस्थितिकी तंत्र में समन्वय को और मजबूत करना, पारदर्शिता बढ़ाना और दीर्घकालिक साझेदारी को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएचओ), सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), रिसीवेबल्स एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (आरएक्सआईएल) और जीईएम सरकारी ई-मार्केटप्लेस सहित प्रमुख हितधारकों के साथ प्रस्तुतियों और चर्चा सत्रों को शामिल किया गया।
चर्चाओं में विक्रेता साझेदारी को मजबूत करने, एमएसएमई नीति अपडेट, ट्रेड के माध्यम से अवसरों और कुशल क्रय के लिए जीईएम प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। बैठक की अध्यक्षता नालको के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने की। नालको के वरिष्ठ नेतृत्व से पंकज कुमार शर्मा, निदेशक (उत्पादन), अभय कुमार बेहुरिया, निदेशक (वित्त), अनिल कुमार सिंह, निदेशक (वाणिज्यिक) और पीके गुप्ता, निदेशक (एमएसएमई-डीएफओ)शामिल हुए और बैठक को संबोधित भी किया। साथ ही सहभागी संगठनों और नालको के वरिष्ठ अधिकारीगण भी इस अवसर पर उपस्थित थे।