Please wait...

 
Trending Now
  • हिमाचल प्रदेश ने 2025-26 में 41,173 करोड़ रुपये का कर्ज लिया, 32,004 करोड़ चुकाए
  • सैफ अंडर20 चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम मालदीव पहुंची
  • पिछले तीन महीने मेरी कप्तानी का सबसे कठिन दौर रहा : स्टोक्स
  • युकी और वीनस मियामी ओपन के पहले दौर में हारे
  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 के लिए अनुष्का शर्मा भारतीय टीम में
Tuesday, Mar 24, 2026
Published on: Tuesday, March 24, 2026
खेल

यश दयाल 2026 आईपीएल में आरसीबी की टीम से नहीं जुडेंगे : मो बोबाट


 
फ्रेंचाइजी के साथ उनका अनुबंध रहेगा जारी
 हेजलवुड चोट से उबरने के बाद जल्द ही टीम से जुड़ पाएं
बेंगलुरु: विवादों में घिरे तेज गेंदबाज यश दयाल आगामी आईपीएल सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम से नहीं जुड़ेंगे, लेकिन फ्रेंचाइजी के साथ उनका अनुबंध जारी रहेगा। यह जानकारी टीम के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने मंगलवार को दी। इस 28 वर्षीय खिलाड़ी पर कथित यौन शोषण के दो मामले दर्ज हैं। इसमें एक मामला नाबालिग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरसीबी के लिए 2025 आईपीएल फाइनल में खेलने के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। आरसीबी ने उस फाइनल में जीत दर्ज कर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। सत्र की शुरुआत से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में बोबाट ने कहा, मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि यश टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे। वे इस समय व्यक्तिगत परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। हमने अब तक उनका पूरा समर्थन किया है और यह खिलाडिय़ों को रिटेन या रिलीज करने के फैसले में भी दिखता है। उन्होंने कहा, हम उन्हें टीम में बनाए रखना चाहते थे और वे अनुबंध के तहत बने हुए हैं। निकट भविष्य में भी उनका अनुबंध जारी रहेगा। 
 
दयाल पर यौन शोषण के लगाएं गए हैं आरोप
हाल ही में विवाह करने वाले दयाल पर एक नाबालिग सहित दो महिलाओं द्वारा यौन शोषण के आरोप लगाए गए हैं। बोबाट ने बताया कि फ्रेंचाइजी ने उनके साथ संवाद बनाए रखा है। उन्होंने कहा, हम नियमित रूप से उनसे संपर्क में हैं। आज भी मेरी उनसे बात हुई। लेकिन फिलहाल यह तय किया गया है कि उनके और फ्रेंचाइजी, दोनों के हित में यही है कि वे टीम से न जुड़ें।  बोबाट ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले पर फिलहाल और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। दयाल को हालांकि फ्रेंचाइजी का समर्थन जारी रहेगा और उनसे संवाद बना रहेगा।
 
दयाल की कमी पूरी करने के लिए विकल्प मौजूद
बोबाट ने टीम संयोजन पर कहा कि आरसीबी के पास दयाल की कमी पूरी करने के लिए पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने रासिख सलाम, अभिनंदन सिंह और मंगेश यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि ए तीनों अच्छे विकल्प हैं और तैयारी शिविर में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बावजूद बोबाट ने माना कि दयाल की गैरमौजूदगी टीम के लिए झटका है। उन्होंने कहा, यश जैसे खिलाड़ी का बाहर होना निश्चित रूप से नुकसान है। वह पिछले कुछ वर्षों से टीम के अहम सदस्य रहे हैं, लेकिन हमें अपने मौजूदा विकल्पों पर पूरा भरोसा है। बोबाट ने यह भी उम्मीद जताई कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड चोट से उबरने के बाद जल्द ही टीम से जुड़ पाएंगे।
 
अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे आरसीबी के खिलाड़ी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
ारसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। मैच के दौरान वे अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाडिय़ों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा। उन्होंने कहा, इसके अलावा उस दिन वे काले रंग के धूप के चश्मे भी पहनेंगे।
हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थाई सीटें बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे। मौजूदा चैंपियन टीम 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां अपना पहला मैच खेलेगी, जो इस मैदान पर खेले जाने वाले उनके पांच घरेलू मैचों में से पहला मैच होगा। आरसीबी इस आईपीएल में अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.