बाज, रॉब और मेरे भीतर टीम को आगे ले जाने की है इच्छा और जुनून
लंदन : इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने पिछले तीन महीने को अपनी कप्तानी का सबसे कठिन दौर बताया लेकिन यह भी दोहराया कि वह कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ मिलकर टीम को फिर से तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की कि एशेज शृंखला 1-4 से हारने के बावजूद स्टोक्स, मैकुलम और प्रबंध निदेशक रॉब की पद पर बने हेंगे। स्टोक्स ने अपनी, की और मैकुलम की तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए एक भावुक खुले पत्र में लिखा, इंग्लैंड का कप्तान बनना एक खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ा सम्मान है और मैं इसे हलके में नहीं लेता। इसके अपने उतार चढाव हैं। यह आपको मुस्कुराने के मौके देता है तो रूलाता भी है। उन्होंने लिखा, कई बार लगता है कि आपके जीवन में बस यही चीज बची है। पिछले तीन महीने कप्तानी के मेरे सफर का सबसे कठिन दौर रहा। इसने कई तरह से मेरी परीक्षा ली और मुझे यकीन है कि हर कप्तान के जीवन में ऐसा दौर आता है।
उन्होंने कहा कि वह मैकुलम और की के साथ मिलकर फिर टीम तैयार करेंगे। उन्होंने कहा, बाज, रॉब और मेरे भीतर टीम को आगे ले जाने की इच्छा और जुनून है। हम अपना सब कुछ झोंक देंगे। हमें पता है कि हमने गलतियां की है लेकिन अब उनसे सबक लेकर आगे बढेंगे। सफलता से ज्यादा आप असफलता से सीखते हैं।