Please wait...

 
Trending Now
  • एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया
  • देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं : तेल कंपनियां
  • शाकिब को लंबे समय तक टीम में रखना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख
  • भारतीय तीरंदाजों ने एशिया कप के पहले चरण में दो कांस्य जीते
  • तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करें पंत : फाफ डु प्लेसी
Thursday, Mar 26, 2026
Published on: Wednesday, March 25, 2026
राज्य

एससीबी अग्निकांड पर विधानसभा में व्यवधान जारी


 
विपक्ष ने काले टी-शर्ट पहनकर किया हंगामा
भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य विधानसभा में बुधवार को एक बार फिर जोरदार हंगामा देखने को मिला। कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई भीषण आग की घटना को लेकर विपक्षी विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रश्नकाल शुरू होते ही बीजद और कांग्रेस के विधायक वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान सदन की कार्यवाही पूरी तरह बाधित हो गई। कई विपक्षी विधायक काले टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे, जिन पर 'कमजोर मुख्यमंत्री' जैसे संदेश लिखे हुए थे, जिससे सरकार की कार्यशैली पर सीधा हमला किया गया। हंगामे के चलते स्पीकर सुरमा पाढ़ी को सदन की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। यह लगातार सातवां दिन है जब विधानसभा में कामकाज बाधित हुआ है। इसके बाद भी विपक्षी विधायक विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते रहे।
: कार्यस्थगन को ले सत्ता-विपक्ष आमने-सामने
बीजद विधायक अरुण साहू ने कहा कि नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इतनी बड़ी घटना में 13 लोगों की जान चली गई, तो मंत्री अब तक पद पर क्यों बने हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री इतने मजबूत हैं, तो वे मंत्री से इस्तीफा क्यों नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने इस घटना को 'मानव निर्मित' मौत बताते हुए कहा कि कमजोर निर्णय और बुनियादी ढांचे की कमी इसके लिए जिम्मेदार है। कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र काडाम ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कमजोर साबित हो रहे हैं और उनमें स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा लेने का साहस नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी मंत्री नैतिक जिम्मेदारी नहीं ले रहे हैं, जिससे सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक स्वास्थ्य मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक विधानसभा इसी तरह ठप रहेगी। सीपीआई (एम) के लक्ष्मण मुंडा ने भी मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि उनके कमजोर नेतृत्व के खिलाफ ही यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने भी स्वास्थ्य मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग दोहराई।
केवल नाटक कर रहा विपक्ष : भाजपा 
वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए इसे महज राजनीतिक नाटक करार दिया। भाजपा विधायक अशोक मोहंती ने कहा कि विपक्ष सिर्फ लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए इस तरह का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए पर्याप्त मंच मौजूद है, लेकिन विपक्ष जानबूझकर कार्यवाही बाधित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बजट पारित होने से जनहित के कई कार्य पूरे होंगे, लेकिन विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए बाधा डाल रहा है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की कोई आवश्यकता नहीं है और वे अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.