Please wait...

 
Trending Now
  • एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया
  • देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं : तेल कंपनियां
  • शाकिब को लंबे समय तक टीम में रखना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख
  • भारतीय तीरंदाजों ने एशिया कप के पहले चरण में दो कांस्य जीते
  • तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करें पंत : फाफ डु प्लेसी
Thursday, Mar 26, 2026
Published on: Wednesday, March 25, 2026
खेल

शाकिब को लंबे समय तक टीम में रखना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख


 
शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग पार्टी के सदस्य थे शाकिब
अपनी सरकार के पतन के बाद चले गए थे अमेरिका
ढाका, (एजेंसी) : बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की चयन समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष हबीबुल बशर ने कहा है कि वह चाहते हैं कि अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन वापस वतन लौटकर कम से कम दो और वर्ष तक देश की तरफ से खेलें, जिसमें 2027 का वनडे विश्व कप भी शामिल है।
शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग पार्टी के सदस्य रहे 38 वर्षीय शाकिब अपनी सरकार के पतन के बाद अमेरिका चले गए थे और अंतरिम सरकार ने उन्हें देश का प्रतिनिधित्व करने से रोक दिया था। लेकिन इस साल की शुरुआत में नई सरकार के गठन के बाद पद संभालने वाले बशर चाहते हैं कि शाकिब वापस वतन लौटकर फिर से देश की तरफ से खेलें। बशर ने कहा कि शाकिब की वापसी पर विचार किया जा रहा है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 अप्रैल से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला में उन्हें टीम में रखना संभव नहीं हो पाएगा क्योंकि इसमें अब बहुत कम समय बचा है।
उन्होंने कहा, न्यूजीलैंड के खिलाफ शृंखला में अब अधिक समय नहीं बचा है। मुझे पता नहीं है कि हाल में शाकिब ने कितनी क्रिकेट खेली है। उनके बारे में मैं जितना जानता हूं उसके आधार पर यह कह सकता हूं कि वह ऐसे खिलाड़ी नहीं है जो कल आकर ही खेलना शुरू कर दें। बशर ने क्रिकबज से कहा, उन्हें भी अभ्यास की जरूरत पड़ती है। इसमें भावनाओं के लिए कोई जगह नहीं है।
निश्चित तौर पर अगर हम शाकिब के बारे में सोच रहे हैं तो उन्हें लंबे समय तक टीम से जोडऩे के बारे में सोचेंगे। शाकिब ने संन्यास लेने से पहले अपने घरेलू मैदान पर अपना आखिरी टेस्ट खेलने की इच्छा व्यक्त की है, लेकिन बशर ने कहा कि यह दिग्गज क्रिकेटर अभी भी कम से कम दो साल और खेल सकता है। उन्होंने कहा, मैं यह नहीं सोच रहा कि शाकिब एक शृंखला में खेलने के लिए आए और फिर वापस लौट जाएं। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो हम चाहेंगे कि वह लंबे समय तक अपना योगदान देते रहें और इसके लिए तैयारी बहुत महत्वपूर्ण है। मैं चाहता हूं कि वह टीम से जुड़े और कम से कम 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक खेलें। 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.