Please wait...

 
Trending Now
  • एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया
  • देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं : तेल कंपनियां
  • शाकिब को लंबे समय तक टीम में रखना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख
  • भारतीय तीरंदाजों ने एशिया कप के पहले चरण में दो कांस्य जीते
  • तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करें पंत : फाफ डु प्लेसी
Thursday, Mar 26, 2026
Published on: Wednesday, March 25, 2026
व्यापार

शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 1,205 अंक चढ़ा


 मुंबई : स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 1,205 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 394 अंक की तेजी रही। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद के बीच कच्चे तेल के दाम में कमी और वैश्विक बाजारों में मजबूती के साथ घरेलू शेयर बाजार बढ़त में रहे। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,205 अंक यानी 1.63 प्रतिशत बढ़कर 75,273.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,781.31 अंक चढ़कर 75,849.76 अंक पर पहुंच गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 394.05 अंक यानी 1.72 प्रतिशत बढ़कर 23,306.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन और ट्रेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.07 प्रतिशत टूटकर 99.19 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार और शांति की उम्मीद बढऩे से शेयर बाजारों में तेजी बनी रही। अमेरिका और ईरान के बयान में विरोधाभास के बावजूद, दोनों देशों के बीच संभावित राजनयिक प्रगति के कारण कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर से नीचे आ गईं, जिसका बाजार ने स्वागत किया।  एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख था।
 
रुपया 29 पैसे टूटकर 94.05 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर
रुपया बुधवार को 29 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 94.05 (अस्थाई) पर आ गया। विदेशी पूंजी की भारी निकासी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से निवेशक चिंतित हैं। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, डॉलर के कमजोर रुख और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक धारणा के बावजूद स्थानीय मुद्रा को कोई राहत नहीं मिल सकी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.94 पर खुला। डॉलर के मुकाबले 93.86 से 94.08 की सीमा में कारोबार करने के बाद अंतत: यह 94.05 (अस्थाई) के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 29 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 23 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.76 पर बंद हुआ था।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.