Please wait...

 
Trending Now
  • एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया
  • देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं : तेल कंपनियां
  • शाकिब को लंबे समय तक टीम में रखना चाहते हैं बांग्लादेश की नई चयन समिति के प्रमुख
  • भारतीय तीरंदाजों ने एशिया कप के पहले चरण में दो कांस्य जीते
  • तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करें पंत : फाफ डु प्लेसी
Thursday, Mar 26, 2026
Published on: Wednesday, March 25, 2026
खेल

अंतिम टी20 : दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 33 रनों से हराकर शृंखला 3-2 से अपने नाम की


 
एस्टरहाइजन की ताबड़तोड़ पारी से कीवी टीम चित
क्राइस्टचर्च : कॉनर एस्टरहाइजन के 33 गेंदों पर करियर के सर्वश्रेष्ठ 75 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को यहां खेले गए पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर पांच मैचों की शृंखला 3-2 से अपने नाम कर ली। एस्टरहाइजन का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है। उन्होंने पिछले मैच में 57 रन की पारी खेलकर करियर का पहला पचासा जड़ा था। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट पर 187 रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम इसके जवाब में आठ विकेट पर 154 रन ही बना सकी। एस्टरहाइजन जब क्रीज पर आए थे, तब दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 11वें ओवर में दो विकेट पर 76 रन था। पिछले मैच में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज को इस मुकाबले में रूबिन हरमन (31 गेंदों में 39 रन) के बाद चौथे क्रम पर भेजा गया।
 
विजेता टीम ने आखिरी 10 ओवर में 111 रन जोड़े
दक्षिण अफ्रीका ने पावर प्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए थे, लेकिन 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर दो विकेट पर 76 रन ही था।
टीम ने आखिरी 10 ओवर में 111 रन जोड़े, जिसमें एस्टरहाइजन और डियान फॉरेस्टर (13 गेंदों में नाबाद 21) ने चौथे विकेट के लिए महज 27 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की। दाएं हाथ के 24 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी पारी में पांच चौके और छह छक्के जड़े। उन्हें 49 रन के स्कोर पर जैक फोक्स की गेंद पर बेवोन जैकब ने कैच टपकाकर जीवनदान दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी में 47 डॉट गेंदें खेलीं
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी में 47 डॉट गेंदें खेलीं, लेकिन टीम ने इसकी भरपाई 15 चौकों और 10 छक्कों से की। शानदार गेंदबाजी और कमाल के क्षेत्ररक्षण के सामने लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी लडख़ड़ा गई और टीम दबाव में आ गई। तेज गेंदबाज जेराल्ड कोएट्जी ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि ओटनील बार्टमैन ने अच्छी विविधता का इस्तेमाल करते हुए 33 रन देकर दो विकेट चटकाए। स्पिनर प्रेनेलन सुब्रायन ने चार ओवर में महज 22 रन दिए और कप्तान केशव महाराज ने भी बल्लेबाजों को कड़ी परीक्षा में डाला। पावरप्ले के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 46 रन था और 10 ओवर के बाद तीन विकेट पर 65 रन ही था। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब्स ने 19 गेंदों पर 36 रन बनाकर सबसे अधिक योगदान दिया।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.