153 सहकारी समितियां सक्रिय
भुवनेश्वर, (निप्र) : बरगढ़, बलांगीर और सुबरनापुर जिलों में वर्तमान में 65,353 पंजीकृत हथकरघा बुनकर तथा 153 प्राथमिक बुनकर सहकारी समितियां कार्यरत हैं। यह जानकारी वस्त्र, हथकरघा एवं हस्तशिल्प मंत्री प्रदीप बाल समंत ने दी। यह जानकारी मंत्री ने विधायक सागर चरण दास के प्रश्न के उत्तर में दी, जिसमें इन जिलों में पंजीकृत बुनकरों और सहकारी समितियों की वर्तमान संख्या के बारे में पूछा गया था।
मंत्री ने बताया कि पश्चिमी ओडिशा में प्राथमिक बुनकर सहकारी समितियों (पीडब्ल्यूसीएस) को विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय और विपणन सहायता प्रदान की गई। बरगढ़ में वर्ष 2024-25 में 10 समितियों को 403.56 लाख रुपये और वर्ष 2025-26 में 10 समितियों को 92.17 लाख रुपये की सहायता 10 प्रतिशत रिबेट योजना के तहत दी गई।
बलांगीर में वर्ष 2024-25 में किसी भी समिति को सहायता नहीं मिली, जबकि वर्ष 2025-26 में 3 समितियों को 2.72 लाख रुपये दिए गए। सुवर्णपुर में वर्ष 2024-25 में 5 समितियों को 0.94 लाख रुपये और वर्ष 2025-26 में 4 समितियों को 1.91 लाख रुपये की सहायता मिली। इसके अतिरिक्त, सुवर्णपुर में वर्ष 2024-25 के दौरान 12 समितियों को एमआई/एमडीए योजना के तहत 2.165 लाख रुपये प्रदान किए गए। कुल मिलाकर, 27 सहकारी समितियों को 406.665 लाख रुपये की सहायता दी गई।