Please wait...

 
Trending Now
  • शतरंज : ब्लूबाउम ने प्रज्ञाननंदा को ड्रॉ पर रोका
  • चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने से मुझे आत्मविश्वास मिला: रिजवी
  • आर्सेनल और बायर्न महिला चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में
  • रासी वान डेर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
  • आईपीएल में खेलने के लिए अदालत का हस्तक्षेप चाहते हैं श्रीलंका के गेंदबाज तुषारा
Friday, Apr 3, 2026
Published on: Thursday, April 02, 2026
राज्य

भुवनेश्वर स्थापना दिवस की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, बीएमसी के आयुक्त ने प्रस्तुत की कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा


भुवनेश्वर, (निप्र) : ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के 78वें स्थापना दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को लोक सेवा भवन में मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों और संस्थानों को राजधानी स्थापना दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए आवश्यक निर्देश और सुझाव दिए। इस वर्ष 13 अप्रैल को स्थापना दिवस अलग से मनाने और 14 अप्रैल को राज्य सरकार के ‘ओड़िया पक्ष’ के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। भुवनेश्वर नगर निगम के आयुक्त चंचल रणा ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
 
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य भुवनेश्वर के समृद्ध इतिहास, जीवंत संस्कृति और उल्लेखनीय विकास को प्रदर्शित करना तथा इस दिन को सभी के लिए यादगार बनाना है। 13 अप्रैल की सुबह पीएमजी चौक स्थित शिलान्यास पट्ट पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। रवींद्र मंडप से जयदेव भवन तक आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जयदेव भवन में राजधानी के इतिहास और गौरव को दर्शाने वाली विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
 
वर्तमान हीट वेव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव अनु गर्ग ने निर्देश दिया कि सभी सुबह के कार्यक्रम निर्धारित समय में शीघ्र पूरा किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से भाग लेने वाले छात्रों के लिए पर्याप्त पेयजल, ओआरएस पैकेट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। 13 अप्रैल की शाम उत्कल मंडप में प्रतिष्ठित ‘राजधानी गौरव सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
 
दूसरे दिन 14 अप्रैल की शाम ‘ओड़िया पक्ष’ के समन्वय में उत्कल मंडप में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोनों दिनों के कार्यक्रमों में विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए खोर्द्धा जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग, सरकारी और निजी संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों तथा आम जनता की सक्रिय भागीदारी पर चर्चा की गई। भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण को शिलान्यास स्थल के आसपास सफाई और सौंदर्यीकरण, फूलों से सजावट, जल फव्वारे को पुन: स्थापित करने, ध्वजारोहण मंच तैयार करने और प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
 
अन्य प्रमुख व्यवस्थाओं में एजी चौक से रवींद्र मंडप तक रोशनी की व्यवस्था तथा लोक भवन, लोक सेवा भवन, खरवेला भवन, विधानसभा भवन सहित शहर के प्रमुख सरकारी और निजी संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सजाने और रोशन करने की योजना शामिल है। सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से किया जाएगा। छात्रों के परिवहन की व्यवस्था की जाएगी और पुलिस कमिश्नरेट तथा परिवहन विभाग को सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य, अग्निशमन और आपात सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
 
बैठक में विकास आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव देवरंजन कुमार सिंह, खेल एवं युवा कार्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव भूपेंद्र सिंह पुनिया, स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ एन तिरुमला नायक, खोर्द्धा के जिलाधिकारी अमृत ऋतुराज, खेल एवं युवा सेवा निदेशक विजय येड्डुला, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक अनुज कुमार दास पटनायक, पर्यटन विभाग के निदेशक दीपंकर महापात्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.