भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘कन्या सुमंगल योजना’ को लेकर जल्द ही स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी किया जाएगा। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने दी। उन्होंने बताया कि इस नई योजना के तहत बच्ची के जन्म के एक वर्ष के भीतर उसके नाम पर राशि जमा की जाएगी। योजना की पूरी रूपरेखा और दिशा-निर्देश एसओपी जारी होने के बाद स्पष्ट हो जाएंगे।
गौरतलब है कि इस योजना की घोषणा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाल ही में पेश किए गए राज्य बजट में की थी, जिसमें इसके लिए विशेष बजट का प्रावधान भी किया गया है। यह योजना मुख्य रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों में बाल विवाह को रोकने के उद्देश्य से तैयार की गई है। उपमुख्यमंत्री परिडा के अनुसार, योजना के तहत जन्म के बाद प्रारंभिक राशि बच्ची के नाम पर जमा की जाएगी।
इसके बाद जब बालिका 21 वर्ष की आयु पूरी करेगी या उच्च शिक्षा पूरी कर लेगी, तब उसके खाते में लाखों रुपये की बड़ी राशि हस्तांतरित की जाएगी। इससे उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने कहा, कन्या सुमंगल योजना के लिए एसओपी जल्द जारी किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रावधान पूरी तरह स्पष्ट हो जाएंगे। योजना से जुड़ी पात्रता, जमा की जाने वाली राशि, आवेदन प्रक्रिया और भुगतान की समयसीमा जैसी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एसओपी जारी होने के बाद सार्वजनिक की जाएंगी।