भुवनेश्वर, (निप्र) : कटक स्थित चौद्वार सर्कल जेल से हुई सनसनीखेज फरारी के छह महीने बाद पुलिस ने दूसरे फरार विचाराधीन कैदी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने पुष्टि की कि बिहार निवासी राजा साहनी को ऋषिकेश से पकड़ा गया है। उन्होंने बताया, उसे आगे की पूछताछ के लिए कटक पुलिस की टीम ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा ला रही है। दोनों कैदी पिछले साल 2 अक्टूबर की रात दशहरा उत्सव के दौरान निगरानी में हुई चूक का फायदा उठाकर ऊंची सुरक्षा वाली चौद्वार सर्कल जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे।
इससे पहले उन्हें 4 जनवरी 2025 को जाजपुर जिले के पानीकोइलि में एक ज्वेलरी दुकान में डकैती और दो लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गंभीर आरोपों के चलते उन्हें रगड़ी उप-जेल से चौद्वार जेल स्थानांतरित किया गया था। जेल से भागने के बाद दोनों तुरंत पुरी के लिए ट्रेन से रवाना हुए, जहां उन्होंने एक सार्वजनिक शौचालय के पास छिपकर रात बिताई और अगले दिन बिहार चले गए।
गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने, पहचान और काम बदलते रहे तथा इलेक्ट्रॉनिक निगरानी से दूर रहे। पहले फरार आरोपी मधुकांत राणा उर्फ सिंह, जो बिहार के गौरा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का निवासी है, को 13 फरवरी को उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक आश्रम से गिरफ्तार किया गया था। वह वहां बसु पांडेय के नाम से भेष बदलकर आश्रम के गेस्ट हाउस में काम कर रहा था। अब ऋषिकेश से दूसरे फरार कैदी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।