मुंबई : स्थानीय शेयर बाजार गुरुवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 185 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी 22,700 अंक के ऊपर पहुंच गया। शेयरों की निचले स्तर पर लिवाली और रुपये में तेज बढ़त से बाजार को समर्थन मिला। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स कारोबार के निचले स्तर से 2,000 से अधिक अंक की वापसी करते हुए अंत में 185.23 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,319.55 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक गिरावट के साथ खुला और कारोबार के पहले भाग में 1,588 अंक टूटकर दिन के निचले स्तर 71,545.81 अंक पर आ गया। एचसीएल टेक और टीसीएस जैसी आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों और एचडीएफसी बैंक तथा आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रमुख बैंकों में मजबूत लिवाली से सूचकांक को भारी नुकसान से उबरने में मदद मिली और कारोबार समाप्त होने से पहले यह 73,568.54 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 33.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,700 अंक के ऊपर 22,713.10 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 496.85 अंक यानी 2.19 प्रतिशत लुढ़क गया था लेकिन बाद में इसमें सुधार हुआ और यह 22,782.30 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
रुपया 156 पैसे मजबूत होकर 93.14 प्रति डॉलर पर
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के कड़े कदमों के बाद रुपये में कई वर्षों की सबसे बड़ी एकदिवसीय तेजी दर्ज की गई और यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 156 पैसे मजबूत होकर 93.14 प्रति डॉलर (अस्थाई) पर रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.62 के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान 188 पैसे चढ़कर 92.82 के उच्चस्तर तक पहुंच गया। हालांकि, सत्र के अंत में यह 156 पैसे यानी 1.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.14 प्रति डॉलर पर रहा।