एसटीएफ की गहन पड़ताल जारी, दिल्ली, मुंबई व हैदराबाद से जुड़े तार
भुवनेश्वर, (निप्र) : ओडिशा में कथित आतंकी संबंधों के आरोपों में गिरफ्तार शेख इमरान मामले में जांच अब और गहराती जा रही है। ओडिशा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रविवार को इस पूरे प्रकरण की व्यापक जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को भुवनेश्वर के कैपिटल पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए इमरान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसकी गतिविधियों के तार कई शहरों और सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
एसटीएफ के एसपी रवि शत्पथी ने बताया कि इस मामले में एजेंसी नोडल भूमिका निभा रही है और आवश्यकता पड़ने पर जांच से जुड़ी जानकारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के साथ साझा की जा सकती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमरान सोशल मीडिया के माध्यम से संदिग्ध तत्वों के संपर्क में आया था और बाद में नई दिल्ली भी गया था। वह मैट्रिक का ड्रॉपआउट है और पहले फूड डिलीवरी का काम करता था।
उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित रूप से सांप्रदायिक और राष्ट्रविरोधी सामग्री पोस्ट किए जाने के बाद वह एजेंसियों के रडार पर आया। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर मुंबई, नई दिल्ली और हैदराबाद से उसके संभावित संबंधों की जांच की जा रही है। एसपी रवि शत्पथी ने कहा कि जांच के दौरान इमरान के सामाजिक संपर्क, उसकी पृष्ठभूमि, शैक्षणिक जानकारी, कार्यक्षेत्र, वित्तीय लेनदेन और अन्य कड़ियों की गहन पड़ताल की जा रही है।
साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं इस मामले का संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा से तो नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, इमरान को किसी ‘हनी ट्रैप’ के जरिए इस नेटवर्क में फंसाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस मामले में कथित महिला की पहचान अभी तक सामने नहीं आ सकी है। बताया जा रहा है कि भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस के संयुञ्चत अभियान के तहत शनिवार को उसे हिरासत में लिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस पहले से ही उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और बाद में उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। फिलहाल, जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने और इमरान के कथित संबंधों की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी हुई हैं।