कटक, (निप्र) : पंचायती राज एवं पेयजल विभाग के अंतर्गत ओरमास की ओर से कटक के नेताजी बस टर्मिनल (सीएनबीटी) परिसर में नवस्थापित अन्नपूर्णा ग्रामीण बाजार-द विलेज स्टोर के शुभारंभ के बाद सोमवार को राज्य की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने इस केंद्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कटक के जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीएसपी), कटक नगर निगम (सीएमसी) के आयुक्त तथा ओरमास के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान ओरमास के संयुक्त सीईओ बिपिन राउत ने उपमुख्यमंत्री को इस बाजार की विशेष कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसानों और कारीगरों द्वारा उत्पादित वस्तुओं को सीधे बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर प्राथमिक उत्पादकों को उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।
साथ ही, यहां ओडिशा की समृद्ध हस्तकरघा और हस्तशिल्प परंपरा को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कटक ग्रामीण प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की शेयरधारक सूर्यकांति सिंह से भी बातचीत की और इस पहल के जमीनी स्तर पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की सराहना की। उन्होंने यहां प्रदर्शित उत्पादों की गुणवत्ता, विविधता और प्रस्तुति पर संतोष व्यक्त किया।
प्रभाती परिडा ने ओरमास की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं शहरी बाजारों के बीच मजबूत एवं सतत संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह दौरा राज्य सरकार की समावेशी विकास, स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को पुन: रेखांकित करता है।