मुंबई : स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 703 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 208 अंक के नुकसान में रहा। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए बातचीत विफल होने के साथ संघर्ष लंबे समय तक जारी रहने की चिंता में कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91 प्रतिशत टूटकर 76,847.57 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह।,681.93 अंक लुढ़क कर 75,868.32 अंक पर आ गया था। एनएसई निफ्टी भी 207.95 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,842.65 अंक पर बंद हुआ। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, बाजारों को पिछले सप्ताह के युद्धविराम समझौते से सीमित समर्थन मिल रहा है। चुनिंदा लिवाली के साथ-साथ गिरावट पर खरीदारी देखने को मिल रही है। अमेरिका-ईरान वार्ता के विफल होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा पर शुरुआती नकारात्मक प्रतिक्रिया के बावजूद यह देखने को मिल रहा है। हालांकि, वार्ता विफल होने से कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाली शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक शामिल हैं। इसके साथ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 7.73 प्रतिशत बढ़कर 102.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।