सीएम किसान योजना के तहत 838 करोड़ रुपये जारी
'सीड्स ऑन व्हील्स' और कृषि रथ की शुरुआत
भुवनेश्वर/कटक, (निप्र) : ओडिशा में अक्षय तृतीया और राज्यस्तरीय किसान दिवस के अवसर पर सोमवार को कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। मोहन चरण माझी ने कटक स्थित केंद्रीय धान अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) में आयोजित कार्यक्रम में 'सीएम-किसान' योजना के तहत 41,68,582 किसानों को 838 करोड़ 48 लाख रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पारंपरिक 'अखी मुठी अनुकूल' अनुष्ठान कर नए कृषि वर्ष की शुरुआत की और कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने 'आम बिहन रथ' तथा 'कृषि रथ' का शुभारंभ किया। 'सीड्स ऑन व्हील्स' पहल के तहत उन्नत किस्म के धान बीज गांव स्तर तक पहुंचाए जाएंगे। प्रथम चरण में यह योजना 10 जिलों के 31 ब्लॉकों में लागू की जाएगी, जहां पंचायत स्तर पर 5 किलोग्राम के पैकेट में बीज उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि राज्य की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समृद्धि का आधार है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और 'सीएम-किसान' योजना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लाभान्वित किसानों में 41,24,241 छोटे और सीमांत किसान, 41,049 भूमिहीन किसान परिवार तथा 3,292 जनजातीय किसान शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 22 महीनों में राज्य की कृषि विकास दर 5.3 प्रतिशत तक पहुंची है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। चालू वर्ष में राज्य में 150 लाख मीट्रिक टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन दर्ज किया गया है।उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रति ञ्चिवंटल 3100 रुपये की दर से धान की खरीद कर रही है।