सरकार ने शिक्षा बजट में बढ़ोतरी का दिया भरोसा
नियाली, (निप्र) : प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सुंदरग्राम सरकारी उच्च विद्यालय को केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। वे यह बात कटक जिले के सुंदरग्राम में विद्यालय के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्लैटिनम जुबिली समारोह को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने संस्थान की यात्रा को याद करते हुए कहा कि 75 वर्ष पूरे करना एक बड़ी उपलब्धि है, जो शिक्षाविदों और समर्पित लोगों के अथक प्रयासों से संभव हुई है। उन्होंने संस्थापक सदस्यों और संस्थान को आकार देने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि साढ़े सात दशक पहले लगाया गया शिक्षा का छोटा पौधा आज एक मजबूत वृक्ष बन चुका है, जो हजारों विद्यार्थियों को ज्ञान और मार्गदर्शन दे रहा है।
पूर्व छात्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता उसके पूर्व छात्रों की उपलब्धियों से आंकी जाती है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय के कई पूर्व छात्र आज समाज में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर रहे हैं, जिससे संस्थान का नाम रोशन हो रहा है। उन्होंने वर्तमान छात्रों से भी उनसे प्रेरणा लेकर उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शिक्षा के व्यापक उद्देश्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और मूल्यों के विकास के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को आधुनिक समय की जरूरतों के अनुसार कौशल विकास, रचनात्मकता और नवाचार पर ध्यान देने की सलाह दी तथा मोबाइल फोन और सामाजिक माध्यमों के अत्यधिक उपयोग से बचने को कहा।
सरकारी पहलों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को गुणवत्ता और कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए लागू किया जा रहा है। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट कक्षाओं और ऑनलाइन शिक्षण के विस्तार पर भी प्रकाश डाला। ग्रामीण शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए गोदाबरिश मिश्र आदर्श प्राथमिक विद्यालय योजना जैसी पहलें भी चलाई जा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय के चार छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया और प्लैटिनम जुबिली स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय की मांगों पर राज्य सरकार विचार करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी। कार्यक्रम में एक स्थानीय निवासी ने प्राची नदी के पुनरुद्धार के लिए 450 करोड़ रुपये की घोषणा पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।