Trending Now
  • शेन वार्न के बेटे ने कहा... कोविड के टीके के कारण हुई इस दिग्गज क्रिकेटर की मौत
  • सरकान ने निचले ग्रेड के लौह अयस्क की कीमत निर्धारण के नियमों में किया संशोधन
  • ईंधन, उर्वरक की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रह सकती हैं : आईएमएफ, विश्व बैंक, आईईए
  • ईरान के क्लब ट्रैक्टर की टीम एशियाई चैंपियंस लीग में खेलने के लिए जेद्दा पहुंची
  • प्रफुल्ल की सफलता की कहानी
Thursday, Apr 16, 2026
Published on: Tuesday, April 14, 2026
राज्य

खोर्द्धा रोड-पुरी रेलखंड का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण


रथ यात्रा से पहले पुरी स्टेशन के विकास कार्यों की समीक्षा की
 
भुवनेश्वर, (निप्र) :  पूर्व तट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने मंगलवार को खोर्द्धा रोड-पुरी रेलखंड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने आगामी रथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए पुरी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस निरीक्षण के दौरान ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली तथा समग्र परिचालन दक्षता का आकलन किया गया।
 
यह रेलखंड प्रमुख तीर्थ अवसरों पर यात्रियों की भारी भीड़ का साक्षी रहता है। पुरी स्टेशन पर महाप्रबंधक ने पुनर्विकास एवं यात्री सुविधाओं के उन्नयन से जुड़े कार्यों की व्यापक समीक्षा की। विशेष रूप से तीर्थयात्रियों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुगम आवाजाही और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जा रही है।
 
निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं के विस्तार और उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि भीड़भाड़ के समय यात्रियों को अधिक सुविधा और सहज आवागमन मिल सके। महाप्रबंधक ने रथ यात्रा से पूर्व पुरी स्टेशन के सभी विकास कार्यों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और त्योहार से पहले पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 
उन्होंने कहा कि सभी कार्य यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण से किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के महत्व पर भी बल दिया, ताकि तीर्थ सीजन के दौरान रेल परिचालन सुचारू रूप से चल सके। निरीक्षण के दौरान विभाग के प्रधान मुख्य अधिकारी तथा खोर्द्धा रोड मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी महाप्रबंधक के साथ उपस्थित थे। 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.