Trending Now
  • फर्जी प्रमाणपत्र देने वाला हॉकी कोच बर्खास्त
  • मेस्सी पर अनुबंध का उल्लंघन करने का आरोप
  • मुंबई इंडियंस ने चोटिल अथर्व अंकोलेकर की जगह भगत को टीम में लिया
  • चैंपियन लीग फुटबाल : रियाल मैड्रिड को चीत कर बायर्न क्वयूनिख सेमीफाइनल में
  • भारत, न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर 27 अप्रैल को होंगे हस्ताक्षर
Thursday, Apr 16, 2026
Published on: Thursday, April 16, 2026
राज्य

राज्य में मकान सूचीकरण आरंभ, एक लाख से अधिक प्रगणक इस काम में लगाए गए


भुवनेश्वर/कटक (निप्र) : ओडिशा के सभी 30 जिलों में गुरुवार को जनगणना के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण अभियान (एचएलओ) शुरू हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 मई तक चलेगा। जनगणना अभियान निदेशालय (ओडिशा) के एक अधिकारी ने कहा कि एक महीने के इस अभियान में एक लाख से अधिक प्रशिक्षित प्रगणकों और 17,000 से अधिक पर्यवेक्षकों को लगाया गया है।
 
उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षित प्रगणकों ने इलाके में घरों की गणना संबंधी मानचित्रण के लिए अपने आवंटित क्षेत्र का दौरा करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में मौजूद घरों की गिनती के बाद, प्रगणक घर-घर जाएंगे और एक मोबाइल ऐप के माध्यम से घर सूचीकरण और आवास गणना कार्यक्रम के लिए डेटा एकत्र करेंगे।
 
उन्होंने कहा कि वे आवासीय, गैर-आवासीय, जेल, मॉल आदि समेत प्रत्एक मकान के मुखिया से गृह मंत्रालय द्वारा तैयार किए गए 33 प्रश्न पूछेंगे। ओडिशा में जनगणना अभियान के निदेशक, निखिल पवन कल्याण ने कहा कि 2.22 लाख से अधिक परिवारों ने ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपना डेटा जमा किया है। उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण प्रक्रिया के दौरान प्रगणकों द्वारा स्व-गणना डेटा को फिर से सत्यापित किया जाना है।
 
जनगणना का दूसरा चरणा यानि प्राथमिक जनसंख्या गणना चरण, नौ फरवरी से 28 फरवरी, 2027 तक किया जाना है। वहीं, कटक में गुरुवार से घर-घर जाकर जनगणना कार्य की शुरुआत हो गई है। इससे पहले डिजिटल माध्यम से प्रारंभिक जनगणना प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। अब कटक नगर निगम के 59 वार्डों में विस्तृत सर्वेक्षण किया जा रहा है, जो अगले एक माह तक जारी रहेगा।
 
जनगणना कर्मी घर-घर जाकर लोगों से विभिन्न जानकारियां एकत्र कर रहे हैं और साथ ही प्रत्येक घर की पहचान भी की जा रही है। कटक के मेयर सुभाष सिंह और सीएमसी आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूरा सहयोग दें। इस अभियान के लिए 59 वार्डों में कुल 1409 जनगणना कर्मियों और 245 पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर) को तैनात किया गया है।
 
जनगणना का कार्य प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। पिछली जनगणना वर्ष 2011 में कटक के 54 वार्डों में कुल जनसंख्या 6 लाख 10 हजार 189 दर्ज की गई थी। इस बार अनुमान है कि जनसंख्या में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.