भुवनेश्वर, (निप्र) : पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को ‘ओडिशा नागरिक मंच’ नामक एक नए मंच का गठन किया गया। इस अवसर पर भुवनेश्वर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उनके विचारों और लिगेसी से जुड़े नेता एवं समर्थक एकत्र हुए। यह मंच बीजू पटनायक के अनुयायियों द्वारा गठित किया गया है, जिसका शुभारंभ उनकी पुण्यतिथि के साथ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन भुवनेश्वर स्थित ओयूएटी (ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी) के सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में उनके समर्थक और उनसे जुड़े नेता उपस्थित हुए। इस पहल का उद्देश्य उन सभी लोगों को एक मंच पर लाना है, जो बीजू पटनायक के आदर्शों और योगदान से खुद को जुड़ा हुआ मानते हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिलीप राय, वरिष्ठ नेता बिजय महापात्र, अरविंद महापात्र, सौम्य रंजन पटनायक, अमर शतपथी और प्रावत त्रिपाठी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इसके अलावा, राज्य के विभिन्न जिलों से आए वकील, बुद्धिजीवी और बीजू पटनायक के समर्थकों ने भी इस बैठक में भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए दिलीप राय ने बीजू पटनायक की विरासत के महत्व और उनके आदर्शों को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, कई वर्षों बाद आज बीजू बाबू के सच्चे समर्थक एक जगह एकत्र हुए हैं। उन्हें देखकर मुझे खुशी और भावुकता दोनों का अनुभव हो रहा है। समय कम था, नहीं तो मैं सभी से विस्तार से बातचीत करता। ‘बीजू लिगेसी’ किसी व्यक्ति के बारे में नहीं, बल्कि उनके विचारों के बारे में है। यह उनके उत्तराधिकारी, संपत्ति या अन्य किसी चीज के बारे में नहीं, बल्कि उनके दृष्टिकोण और उनके जीवन के प्रभाव के बारे में है। हम सभी वरिष्ठ नेता उनके ही मार्गदर्शन का परिणाम हैं।