धान के बंडल लेकर सदन में पहुंचे विधायक
भुवनेश्वर, (निप्र) : बुधवार को राज्य विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन जोरदार हंगामा देखने को मिला। धान खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजू जनता दल (बीजेडी) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यभर की धान मंडियों में बड़े पैमाने पर कुप्रबंधन हो रहा है।
विरोध कर रहे विधायक किसानों की समस्याओं को उजागर करने के लिए धान के बंडल लेकर सदन के वेल में पहुंच गए। बीजेडी के वरिष्ठ नेता रोमांच रंजन बिस्वाल सिर पर धान का बोझा लेकर विधानसभा में पहुंचे, जिससे विरोध और तेज हो गया। विपक्षी सदस्यों ने प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों की मेज पर भी धान रख दिया और खरीद में देरी तथा कथित अनियमितताओं को तुरंत दूर करने की मांग की। अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बार-बार व्यवस्था बनाए रखने और कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा।
सदन में कोई कामकाज नहीं हो पाने के कारण कार्यवाही पहले 11:30 बजे तक स्थगित की गई। हालांकि, 11:30 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी विपक्ष के हंगामे के चलते सदन को फिर से शाम 4 बजे तक स्थगित करना पड़ा। 4 बजे जैसे की सदन की कार्यवाही शुरू हुई विपक्ष ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। कार्यसूची के अनुसार, बुधवार को राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी थी, जो अगले दिन भी जारी रहनी थी लेकिन लगातार हो रहे व्यवधानों के कारण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी।