नई दिल्ली : कोर्बिन बॉश की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी ग्रुप लीग मैच में बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात को छह विकेट से हराकर सुपर आठ की तैयारी पुख्ता कर ली। पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को सुपर आठ चरण के पहले मैच में 22 फरवरी को अहमदाबाद में मौजूदा चैम्पियन और मेजबान भारतीय टीम से खेलना है। वहीं यूएई की टीम ने इस हार के साथ टूर्नामेंट से विदा ली। हल्की बूंदाबांदी और ठंडे मौसम के बीच भारतीय टीम का मैच नहीं होने के बावजूद अरुण जेटली स्टेडियम पर 12000 से अधिक दर्शक यह मैच देखने मौजूद थे। पहले गेंदबाजी करते हुए बॉश के तीन विकेट की मदद से यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर रोकने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। उसके लिए सबसे बड़ी राहत की बात जूनियर एबी डिविलियर्स कहे जाने वाले डेवाल्ड ब्रेविस का फॉर्म में लौटना रहा जिन्होंने 36 रन बनाए। यूएई ने गेंदबाजी की शुरूआत अच्छी की और पहले ओवर में ध्रुव पाराशर ने सिर्फ एक रन दिया। कप्तान एडेन माक्ररम ने हालांकि दूसरे ओवर में जुनैद सिद्दीकी को दो चौके जड़कर दबाव हटाया। तीसरे ओवर में उन्होंने हैदर अली शाह को नसीहत देते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया लेकिन आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। माक्ररम ने 11 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 28 रन बनाए।
नए बल्लेबाज रियान रिकेलटन ने छठे ओवर में मोहम्मद जवादुल्लाह को दो चौके लगाकर दक्षिण अफ्रीका का पचासा पूरा किया लेकिन इसी ओवर में क्विंटोन डिकॉक ने हैदर शाह को कैच थमा दिया। पावरप्ले के बाद स्कोर दो विकेट पर 56 रन था। ब्रेविस ने टूर्नामेंट में पहली बार खुलकर खेलते हुए पहले आठवें ओवर में जवादुल्लाह को मिडविकेट के ऊपर और फिर अगले ओवर में हैदर को लांग आन पर छक्का लगाया। दूसरे छोर से रिकेलटन ने मोहम्मद फारूक को 11वें ओवर में छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद में पाराशर को कैच देकर लौटे। रिकेलटन ने 16 गेंद में 30 रन बनाए। ब्रेविस ने 25 गेंद में एक चौके और तीन छक्कों के साथ 36 रन बनाए।
यूएई की पूरी पारी में कुल दस चौके और दो छक्के लगे
इससे पहले यूएई की पूरी पारी में कुल दस चौके और दो छक्के लगे। अलीशान शराफू (38 गेंद में 45 रन ) को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका के लिए बॉश ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि जॉर्ज लिंडे ने चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट चटकाया। एनरिच नॉर्किया ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए।
पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुकी दक्षिण अफ्रीका के धुरंधर गेंदबाजों के सामने खुद को परखने उतरे यूएई के बल्लेबाजों ने शुरूआत आत्मविश्वास के साथ की। पारी की तीसरी ही गेंद पर आर्यांश शर्मा ने कैगिसो रबाडा को थर्डमैन पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।
शुरुआती दो ओवर में रबाडा मंहगे हुए साबित
रबाडा के दूसरे ओवर में मोहम्मद वसीम ने लगातार तीन चौके समेत चौदह रन लेकर उनकी लय बिगाड़ दी। रबाडा ने पहले दो ओवर के स्पैल में बीस रन दे दिए जिसे देखते हुए कप्तान एडेन माक्ररम ने जॉर्ज लिंडे को गेंद सौपी। उनका यह फैसला कारगर भी रहा जब अपने पहले ही ओवर में लिंडे ने वसीम को पगबाधा आउट करके दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। वसीम ने 12 गेंद में 22 रन बनाए और यूएई का पहला विकेट 38 के स्कोर पर गिरा। अगले ही ओवर में कोर्बिन बॉश ने शर्मा को ञ्चवेना मफाका के हाथों मिडविकेट पर लपकवाकर यूएई को दूसरा झटका दिया। यूएई के पचास रन आठवें ओवर में बने और इसी ओवर में अलीशान शराफू ने एनरिच नॉर्किया को चौका और छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की।
यूएई के बल्लेबाज हालांकि बड़ी साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे और विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। शोहेब खान को बॉश ने विकेट के पीछे ञ्चिवंटॉन डिकॉक के हाथों लपकवाकर दक्षिण अफ्रीका को एक और सफलता दिलाई। दसवें ओवर में तीसरा विकेट 64 रन पर गिर गया।