भुवनेश्वर/कटक, (निप्र) : राज्य में वार्षिक हाई स्कूल सर्टिफिकेट (एचएससी) परीक्षा गुरुवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। राज्यभर के 3,082 परीक्षा केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (बीएसई) द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में कुल 5,61,979 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। बीएसई और स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग ने परीक्षा को निष्पक्ष और अनुशासित तरीके से सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रश्नपत्र निर्धारित नोडल केंद्रों से भेजे गए और तय समय के भीतर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचा दिए गए। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्र के पैकेट केंद्र अधीक्षक और छात्रों की उपस्थिति में खोले गए। परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग से प्रतिबंधित किया गया है। कदाचार रोकने के लिए तीन-स्तरीय स्ञ्चवाड प्रणाली लागू की गई है। विशेष टीमें भी विभिन्न केंद्रों का दौरा कर स्थिति की निगरानी कर रही हैं। इसी तरह कटक जिले में कुल 30,502 छात्र-छात्राएं 155 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं।
मंत्री ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
राज्य के स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गंड ने भी कुछ परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों पर क्यूआर कोड और वॉटरमार्क लगाए गए हैं ताकि छेड़छाड़ या पेपर लीक की संभावना रोकी जा सके। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा प्रमुख स्थानों और 322 नोडल केंद्रों पर एआई-सक्षम निगरानी प्रणाली के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मैट्रिक परीक्षा देने वाले सभी छात्रों के लिए निष्पक्ष, समावेशी और तनावमुञ्चत वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा, इस बार भी परीक्षाएं बहुत सुचारू रूप से आयोजित की जाएंगी। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक 2 मार्च तक आयोजित की जाएगी। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्हें प्रश्नपत्र हल करने के लिए अतिरिक्त 50 मिनट का समय दिया जाएगा। ये छात्र परीक्षा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराए गए लेखक (स्क्राइब) की सहायता ले सकते हैं या अपना स्वयं का लेखक ला सकते हैं, बशर्ते वह कक्षा 10 से निम्न कक्षा का छात्र हो।
आयुक्त-सह-सचिव ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
वहीं, परीक्षा के पहले दिन स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव डॉ एन तिरुमला नायक ने भुवनेश्वर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों और जिला अधिकारियों से बातचीत कर समुचित समन्वय बनाए रखने तथा परीक्षा दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तैयारियों पर संतोष व्यञ्चत करते हुए उन्होंने विभाग की ओर से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित परीक्षा संचालन की प्रतिबद्धता दोहराई। आयुञ्चत-सह-सचिव ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कमांड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और राज्यभर में परीक्षा की रियल-टाइम निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निगरानी तंत्र और समन्वय प्रणाली का जायजा लेकर घटना-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।