राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव
विपक्ष के व्यवहार पर जताई नाराजगी
भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सरकार की उपलब्धियों, भावी लक्ष्य और विपक्ष के रवैये पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 2036 तक ओडिशा को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने और 2047 तक विकसित भारत के 'ग्रोथ इंजन' के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण दूरदृष्टि, विकास और जनकल्याण पर आधारित रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने 2036 तक 500 बिलियन डॉलर और 2047 तक 1500 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित करने की बात दोहराई। साथ ही बहुआयामी गरीबी दर को 5 प्रतिशत तक लाने और प्रति व्यञ्चित आय में उल्लेखनीय वृद्धि का संकल्प व्यक्त किया।
विपक्ष पर तीखा प्रहार
मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान विपक्ष द्वारा हंगामे और सदन से बहिर्गमन को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपरा के तहत विपक्ष को अपने सुझाव रखने चाहिए थे, लेकिन उन्होंने रचनात्मक चर्चा से दूरी बनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है और जनप्रतिनिधियों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं।
किसानों के लिए प्रतिबद्धता
कृषि मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसानों को अन्नदाता मानकर सम्मान देती है। उन्होंने बताया कि 2024-25 खरीफ सीजन में 16.60 लाख से अधिक किसानों से 73 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई और प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर से लगभग 23 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। चालू खरीफ सत्र में अब तक 13.91 लाख किसानों से धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने 100 मॉडल मंडियों और भंडारण क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी।
बुनियादी ढांचे और निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में लगभग 90 हजार करोड़ रुपये के रेल और 50 हजार करोड़ रुपये के राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रगति पर हैं। राज्य सरकार ने पांच वर्षों में 75 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने बताया कि ओडिशा को अब तक लगभग 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से ढाई लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं, जिससे करीब दो लाख रोजगार सृजित हुए हैं।
महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के तहत एक करोड़ महिलाओं के खातों में प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। 17 लाख से अधिक 'लखपति दीदी' इसका उदाहरण हैं। युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, आईटीआई आधुनिकीकरण और सेमीकंडक्टर व एआई पार्क की योजनाएं भी आगे बढ़ाई जा रही हैं। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी दलों से रचनात्मक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभाना हम सबका दायित्व है।