राउरकेला/लहुणीपाड़ा, (निप्र) : लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे-10(ए) पर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक को मामूली चोटें आईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार केंदुझर जिले के कुशकला नुआसाही निवासी सनिका धनुआर (20) और सुजीत धनुआर (26) बाइक से किसी काम से राउरकेला जा रहे थे।
बनई पोइगा के पास एक ड्रंक ब्रिज पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों ब्रिज की बाड़ से टकराकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में एक युवक का पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू एम्बुलेंस से बणई अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह बेलकुदर के पास सहदेव मुंडा साइकिल से लालाई की ओर जा रहे थे।
सामने से आ रही बाइक पर सवार बुधुराम मुंडा और बेलगशी मुंडा ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक और साइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना मिलने पर लहुणीपड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।