बरगढ़, (निप्र) : बरगढ़ जिला के पदमपुर-झारबंद क्षेत्र में सामने आए साइबर ठगी मामले के खुलासे के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। इस क्रम में बरगढ़ शहर स्थित बद्रीप्रसाद अपार्टमेंट के दो मकानों में पदमपुर और बरगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के उद्देश्य से की गई। छापेमारी के दौरान फ्लैटों की गहन तलाशी ली गई और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज व अन्य साक्ष्यों की जांच की गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।