कटक, (निप्र) : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की ओर से गठित एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर ट्रॉमा यूनिट के आईसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। इस फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी में सामाजिक कार्यकर्ता प्रसन्न बिशोई, प्रदीप प्रधान, वासुदेव भट्ट और राजीव पटनायक को शामिल किया गया है। टीम ने अस्पताल पहुंचकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटक एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुए अग्निकांड की जांच के लिए एनएचआरसी की ओर से एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया गया है। मनोज जेना के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल का दौरा कर आग लगने के कारणों की पड़ताल की। कमेटी को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा सरकार के मुख्य सचिव से इस अग्निकांड से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।