Please wait...

 
Trending Now
  • विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित
  • जन-केंद्रित शासन के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री
  • भगवान लिंगराज की रुकुणा रथ यात्रा आयोजित
  • एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया
  • देश में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं : तेल कंपनियां
Friday, Mar 27, 2026
Published on: Thursday, March 26, 2026
राज्य

विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित


एससीबी मेडिकल में आग की घटना पर घमासान जारी
 
भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दूसरे सत्र की कार्यवाही गुरुवार को विपक्ष के तीखे विरोध के कारण सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष एससीबी मेडिकल कॉलेज में हुई आग की घटना को लेकर सरकार को घेर रहा है, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी।
 
सत्र की शुरुआत होते ही विपक्षी सदस्यों ने सदन के भीतर जोरदार हंगामा किया और घटना की उच्चस्तरीय जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने पहले सदन को सुबह 11:30 बजे तक स्थगित किया, लेकिन विरोध जारी रहने के कारण कार्यवाही आगे नहीं चल पाई।
 
सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर पहले भी कई सर्वदलीय बैठकों का आयोजन किया गया था, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। विपक्ष लगातार घटना को लेकर जवाबदेही तय करने और विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि सरकार अपनी ओर से जांच और कार्रवाई की बात कह रही है।विपक्ष स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
 
एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हाल ही में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। बताया जाता है कि अस्पताल के एक हिस्से में आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा। घटना ने राज्यभर में स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
गुरुवार को रुकुणा रथ यात्रा के कारण दोपहर में ही सदन की कार्यवाही समाप्त कर दी गई। इसके अलावा राम नवमी के चलते शुक्रवार को अवकाश रहेगा, जबकि 28 मार्च (महीने का अंतिम शनिवार) को भी सदन बंद रहेगा। रविवार के अवकाश के बाद अब विधानसभा की कार्यवाही सीधे सोमवार को शुरू होगी।
 
राजनीतिक टकराव तेज
 
इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि एससीबी मेडिकल में अग्निकांड को लेकर राज्य की राजनीति गर्म हो गई है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा, वहीं सरकार स्थिति को संभालने और सामान्य कामकाज बहाल करने की कोशिश में जुटी है। आने वाले सत्र में इस मुद्दे पर और तीखी बहस होने की संभावना है।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.