Please wait...

 
Trending Now
  • श्रमिक संगठनों की हड़ताल का मिला जुला असर
  • बजट सत्र : विधानसभा अध्यक्ष ने 16 को बुलाई सर्वदलीय बैठक
  • अफगानिस्तान के खिलाडिय़ों ने पीएसएल नीलामी से नाम वापस लिए
  • होटल बुकिंग नहीं, पाकिस्तानी हॉकी खिलाडिय़ों ने सड़क पर गुजारे कई घंटे
  • टी20 विश्व कप : श्रीलंका के ट्रिपल अर्धशतक और गेंदबाजी की कहर से विपक्षी ने डाला हथियार
Friday, Feb 13, 2026
Published on: Thursday, February 12, 2026
खेल

टी20 विश्व कप : श्रीलंका के ट्रिपल अर्धशतक और गेंदबाजी की कहर से विपक्षी ने डाला हथियार


पल्लीकल : कप्तान दासुन शनाका सहित तीन बल्लेबाजों के अर्धशतक और बाद में धारदार गेंदबाजी की मदद से श्रीलंका ने टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में गुरुवार को यहां ओमान को 105 रन से करारी शिकस्त देकर सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। कुसल मेंडिस (45 गेंद पर 61 रन), पवन रत्नायके (28 गेंद पर 60) और शनाका (20 गेंद पर 50) ने अर्धशतक जमाए और ओमान के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के र्धुे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। श्रीलंका ने इनके शानदार प्रदर्शन की मदद से पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद पांच विकेट पर 225 रन का मजबूत स्कोर बनाया।
ओमान के बल्लेबाजों के पास श्रीलंका के तेज और स्पिन आक्रमण का कोई जवाब नहीं था और उसकी टीम नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी। उसकी तरफ से केवल मोहम्मद नदीम ही संघर्ष कर पाए जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 52 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से दुष्मंत चामीरा और महीश तीक्षणा ने दो दो विकेट लिए। श्रीलंका की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है।
ओमान को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर बड़ी जीत की नींव रखी। जितेन रामानंदी ओमान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर दो विकेट लिए।
रत्नायके और शनाका ने लय की हासिल
मेंडिस ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी जबकि रत्नायके और शनाका ने महत्वपूर्ण समय पर अपनी लय हासिल की। आयरलैंड के खिलाफ केवल पांच रन बनाकर आउट होने वाले रत्नायके ने 24 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 12वें ओवर में तेज गेंदबाज रामानंदी पर पारी का पहला छक्का लगाया और सुफयान महमूद को लगातार तीन चौके लगाकर यह अपना अर्धशतक पूरा किया। रत्नायके और मेंडिस ने केवल 52 गेंद पर 94 रन की साझेदारी की। इस बीच उन्होंने स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान दिया।
मेंडिस ने अपनी भूमिका बखूबी निभाते हुए ओमान के स्पिनरों को निशाने पर रखा। उन्होंने अपना लगातार दूसरा और कुल मिलाकर 19वां अर्धशतक लगाया। उनकी पारी में सात चौके शामिल हैं। वह आखिरी ओवर से ठीक पहले रन आउट हो गए। इस टूर्नामेंट से पहले रन बनाने के लिए जूझ रहे शनाका ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया और केवल 19 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया जो श्रीलंका की तरफ से टी20 विश्व कप में नया रिकॉर्ड है। 
ओमान के सिर्फ दो खिलाड़ी ही दोहरे अंक में पहुंचे
ओमान की तरफ से नदीम के अलावा वसीम अली ही दोहरे अंक में पहुंचे। उन्होंने 20 गेंद पर 27 रन की अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। नाजिम और वसीम ने चौथे विकेट के लिए 42 रन जोड़े लेकिन यह साझेदारी टूटने के बाद ओमान की पारी का पतन हो गया। नदीम ने 52 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.