कराची : अफगानिस्तान के खिलाडिय़ों ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 11वें चरण से पहले हुई खिलाडिय़ों की नीलामी से अपने नाम वापस ले लिए। पीएसएल में यह नीलामी पहली बार कराई गई थी। एक फ्रेंचाइजी के मालिक ने शुरू में पुष्टि की थी कि मुजीबुर रहमान, सेद्दीकुल्लाह अटल, मुहम्मद नबी, वकार सलामखेल, फजल हक फारूकी जैसे खिलाडिय़ों ने बुधवार को लाहौर में हुई नीलामी के लिए पंजीकरण कराया था।
लेकिन पेशावर जाल्मी द्वारा अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज से सीधा करार करने पर हुए विरोध के बाद उन्होंने अपने नाम वापस ले लिए। हालांकि पीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलमान नसीर ने कहा कि अफगानिस्तान के कुछ खिलाड़ी नीलामी रोल में थे लेकिन किसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं चुना। नसीर ने दावा किया, नीलामी में कुछ अफगानिस्तानी खिलाड़ी थे लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें नहीं खरीदा। लेकिन नसीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच खराब रिश्तों का असर नीलामी पर दिखा। उन्होंने कहा, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खराब रिश्तों की वजह से जाल्मी के गुरबाज को शामिल करने से काफी आलोचना हुई। गुरबाज ने पीएसएल से हटने का फैसला किया। इसलिए अन्य खिलाडिय़ों ने भी आलोचना से बचने के लिए हटने का फैसला किया। पिछले साल जब पाकिस्तानी सेना ने आतंकवादियों को निशाना बनाने के बहाने अफगानिस्तान के कुछ खास इलाकों में हवाई हमले किए थे, तब से दोनों देशों के बीच रिश्ते खराब हो गए हैं।
पीएसएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। चोटिल मिचेल मार्श के कवर के तौर पर ऑस्ट्रेलिया की विश्व टी20 कप टीम में शामिल किए गए स्मिथ को नई फ्रेंचाइजी सियालकोट स्टैलियंस ने लगभग 500,000 अमेरिकी डॉलर (14 करोड़ पाकिस्तानी रुपए) में खरीदा है। पीएसएल में टीमों की संख्या छह से बढ़कर आठ कर दी गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पहली बार खिलाडय़िों की नीलामी प्रणाली शुरू की है, जिसने पिछले एक दशक से चले आ रहे ड्राफ्ट प्रारूप का स्थान लिया है।