कटक, (निप्र) : कटक के ऊपरी बालिजात्रा मैदान में चिन्मय मिशन, ओडिशा की ओर से राज्यस्तरीय भव्य आध्यात्मिक एवं बौद्धिक विकास कार्यक्रम श्री हनुमत महोत्सव और श्री हनुमान चालिसा महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 24 फरवरी से 1 मार्च तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से 8:30 बजे आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी महानदी बिहार स्थित डा किशन लाल अग्रवाल आवास में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में दी गई।
इस पत्रकार सक्वमेलन में मुक्चय अतिथि के रूप में पुरी गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव उपस्थित रहे। यह आयोजन चिन्मय मिशन के 75 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। मिशन के अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक प्रमुख पूज्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी ‘संकटमोचन’ पर प्रवचन देंगे। 25 फरवरी को सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक ‘गीता पंचामृत’ पर चिन्मय मिशन, ओडिशा के क्षेत्रीय प्रमुख पूज्य स्वामी सदानंद सरस्वती ओडिय़ा भाषा में प्रवचन देंगे।
गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव के मार्गदर्शन में प्रतिदिन विभिन्न धर्मानुष्ठानों के विशेषज्ञ संतो द्वारा प्रवचन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता के लिए सुबह और शाम के सत्रों में उपलब्ध रहना है, जबकि अपराह्न में विद्यालय और महाविद्यालय स्तर के छात्रों को बौद्धिक और आध्यात्मिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि उन्हें अनुशासित और समग्र विकास की दिशा में मार्गदर्शन मिल सके।
पत्रकार सम्मेलन में स्वामी ओंकारानंद सरस्वती, अध्यक्ष डा किशनलाल अग्रवाल, डा चित्तरंजन षढ़ंगी, सुभाष चंद्र द्विवेदी, निहार रंजन राय ने अपने विचार साझा किए। महोत्सव के सचिव संग्राम केशर करण ने कार्यक्रम का संचालन किया। इसमें सौमेंद्र कुमार महापात्र, ईला महापात्र, प्रफुल्ल नायक सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।