भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने शनिवार को अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में ओडिशा परब 2026 का उद्घाटन किया, जिससे तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं पर्यटन महोत्सव की शुरुआत हुई। इस अवसर पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष रमेश कुमार संघवी भी उपस्थित थे। पर्यटन विभाग द्वारा फिक्की के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम 21 मार्च से 23 मार्च तक चलेगा। इसका उद्देश्य ओडिशा की समृद्ध विरासत, जीवंत परंपराओं, हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक व्यंजन और विविध पर्यटन अनुभवों को प्रदर्शित करना तथा ओडिशा और गुजरात के बीच सांस्कृतिक एवं जन-जन के संबंधों को मजबूत करना है।
‘ओडिशा परब 2026’ का आयोजन ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग, हथकरघा, वस्त्र एवं हस्तशिल्प विभाग, ओरमास और मिशन शक्ति के सहयोग से किया जा रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए प्रभाती परिडा ने ‘ओडिशा परब’ को एक प्रमुख सांस्कृतिक पहल बताते हुए कहा कि यह ओडिशा को एक ऐसे पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करता है, जहां विरासत, आध्यात्मिकता, प्रकृति, खानपान और आधुनिक पर्यटन अवसंरचना का सुंदर समन्वय है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पर्यटन में अंतरराज्यीय सहयोग के महत्व पर जोर देते हुए ओडिशा की इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।
इस तीन दिवसीय आयोजन में ओडिशा की कला, हस्तशिल्प, वस्त्र और हथकरघा की विशेष प्रदर्शनी, पारंपरिक ओडिय़ा व्यंजनों का लाइव प्रदर्शन, शास्त्रीय, लोक एवं जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों और उत्पादों को दर्शाने वाला विशेष पर्यटन पवेलियन शामिल है। इसके अलावा, पर्यटन और सांस्कृतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए बी2बी, जी2बी और प्रवासी ओडिय़ा समुदाय के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन आम जनता के लिए खुला है और अहमदाबाद के लोगों को ओडिशा की संस्कृति, परंपरा और आत्मा का अनुभव करने का आमंत्रण देता है। उद्ïघाटन समारोह में अहमदाबाद नगर निगम के आयुक्त बंचानिधि पानी, पर्यटन आयुक्त-सह-सचिव बलवंत सिंह, पर्यटन निदेशक दीपांकर मोहापात्रा सहित पर्यटन क्षेत्र के हितधारक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, प्रवासी ओडिय़ा समुदाय के सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।