भुवनेश्वर, (निप्र) : पूर्व तट रेलवे ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 20 मार्च को 275 मिलियन टन (एमटी) लोडिंग का लक्ष्य निर्धारित समय से 11 दिन पहले ही पूरा कर लिया। यह उपलब्धि पूर्व तट रेलवे की परिचालन दक्षता और माल परिवहन में उत्कृष्टता के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 20 मार्च 2026 तक पूर्व तट रेलवे ने कुल 275.6 मिलियन टन माल लोड किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 249.6 मिलियन टन की तुलना में 10.4 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा, 21 मार्च 2026 को पूर्व तट रेलवे ने 250 मिलियन टन से अधिक अनलोडिंग का आंकड़ा भी पार कर लिया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि के 236.5 मिलियन टन की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है।
इन उपलब्धियों के साथ पूर्व तट रेलवे ने लोडिंग और अनलोडिंग दोनों क्षेत्रों में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उत्कृष्ट प्रदर्शन देश की माल अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने में पूर्व तट रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर करता है। निरंतर निगरानी, नवाचार आधारित परिचालन पद्धतियां और रेलवे कर्मचारियों के समर्पित प्रयास इस उपलब्धि के प्रमुख कारण रहे हैं। पूर्व तट रेलवे उद्योगों, बंदरगाहों और व्यवसायों को आवश्यक वस्तुओं के सुचारु एवं विश्वसनीय परिवहन के माध्यम से निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है।